mp news: बगैर टैक्स दिए कार निकालने पर विवाद, भीड़ ने टोलकर्मी को पीटा, हाईवे पर लगे जाम में फंसा मंत्री का काफिला ।
mp news: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में जयपुर-जबलपुर हाईवे पर स्थित कचनारिया टोल नाके पर रविवार शाम को बगैर टैक्स दिए कार निकालने पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भारी संख्या में ब्यावरा सहित आसपास के गांवों से भीड़ टोल पहुंच गई। इस दौरान एक टोलकर्मी के साथ मारपीट की। विवाद के दौरान करीब 30 मिनट तक हाईवे पर जाम लगा रहा जिसमें राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार का काफिला भी फंस गया। सूचना पर पहुंची देहात व शहर थाना पुलिस ने किसी तरह से विवाद शांत किया।
टोलकर्मी के साथ मारपीट में पुलिस ने 4 नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जाता है कि संजय राजपूत मलावर के धुर्ला गांव के दुर्गेश दांगी की कार लेकर भोपाल की तरफ जा रहा था। दुर्गेश ब्यावरा में दुकान चलाता है। टोल नाके पर टोलकर्मी ने टोल टैक्स मांगा। संजय ने टोल टैक्स नहीं दिया तो कर्मचारी ने कार खड़ी करवा ली। संजय ने कार मालिक दुर्गेश दांगी को फोन लगाकर सूचना दी। इस दौरान टोल कर्मी विश्राम गुर्जर से उसकी तीखी बहस हुई। जिसके बाद वो बगैर टैक्स दिए बैरियर तोड़कर कार निकाल रहा था, तभी टोल कर्मी विश्राम गुर्जर सहित अन्य टोल कर्मियों ने उसके साथ धक्कामुक्की की। इसके बाद संजय ने दोबारा फोन कर दुर्गेश को टोल नाके बुलाया। दुर्गेश अपने 18- 20 साथियों के साथ टोल नाके पर पहुंचा, भीड़ पहुंचने से विवाद की स्थिति बन गई और इसी दौरान दुर्गेश और उसके साथियों ने टोलकर्मी विश्राम गुर्जर के साथ मारपीट कर दी।
टोल पर करीब 40 से 45 मिनट तक दोनों पक्षों में विवाद होता रहा। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़, देहात थाना प्रभारी प्रवीण जाट बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाइश के बाद विवाद शांत कराया। लेकिन तब तक हाईवे पर लंबा जाम लग चुका था और इसी जाम में राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार का काफिला भी फंस चुका था। पुलिस ने किसी तरह से मंत्री के काफिले को निकलवाया। इस मामले में रात को देहात थाने में टोल कर्मी विश्राम गुर्जर की शिकायत पर चार नामजद देवराज दांगी, पवन दांगी, दुर्गेश व संजय सहित उनके अन्य साथियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।