mp news: पुरानी कोतवाली के खंडहर क्वार्टर में नेताओं के संरक्षण में भाजपा का पूर्व अजजा जिला अध्यक्ष और टीआई का बेटा खिला रहे थे जुआ।
mp news: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में कोतवाली थाने की पुरानी बिल्डिंग के खंडहर क्वार्टर में राजनीतिक संरक्षण में लंबे समय से चल रहे जुए पर पुलिस ने दबिश दी। यहां से एसपी अमित सुरेश तोलानी की स्पेशल टीम के साथ मिलकर कोतवाली टीआई ने 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। मौके से बाइक, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 4 लाख 74 हजार 400 रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। खास बात यह है कि इस जुए को मुख्य आरोपी पूर्व भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चे का जिला अध्यक्ष और पहले राजगढ़ में टीआई रहे चौहान का बेटा है।
जानकारी के अनुसार जुए का यह फड़ लंबे समय से एक्टिव था। एसपी के संज्ञान में यह यह मामला आया तो उन्होंने अपनी विशेष टीम के माध्यम से कार्रवाई करवाई। पुराना महल स्थित कोतवाली थाने की पुरानी बिल्डिंग के एक क्वॉर्टर में पानी की टंकी के पास यह जुआ चल रहा था। सूचना पर टीम ने दबिश दी और मौके से 12 लोगों को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि जुआ गतिविधि का संचालन राहुल पिता गोपालसिंह चौहान, निवासी राजगढ़ करवाया था। जिसे प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।
दरयाबसिंह (झंझाडपुर), शकील (पुरोहित मोहल्ला राजगढ़), अभयसिंह (फूटा तलाब, कालीपीठ), अमरलाल (झंझाडपुर), पर्वतसिंह (लालपुरिया), पप्पू (कंवरपुरा), दरियाबसिंह (नलखेड़ा), धीरप (कालाखेत राजगढ़), फुजेल (पुरा मोहल्ला राजगढ़), जुबेर उर्फ बिट्टू (पीटी कंपनी राजगढ़), फरीद (भंडारा गली राजगढ़) और विशाल शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 5 मोटरसाइकिल, 12 मोबाइल सहित नगदी 24,700 रुपए बरामद किए हैं।
एसपी के निर्देश में एसडीओपी अरविंद सिंह सहित टीआई मंजू माखेनिया, एसआई मनमोहनसिंह, प्रधान आरक्षक खेमेंद्रसिंह खींची, कुलदीप कुंभकार, जयप्रकाश, राजेद्र मीना, दिलीप मीना, अंतिम सोलंकी, विवेक पाटिल, ललित तोमर और पवन मीना की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।