
राजगढ़ से राजेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट
Rajgarh Nagar Palika Corruption: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय पर निरीक्षण के लिए आए नगरीय प्रशासन विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे को शुक्रवार दोपहर राजगढ़ नगर पालिका के भाजपा-कांग्रेस पार्षदों ने घेर लिया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का गढ़ बनी हुई है, इसके लिए आप निष्पक्ष दल बनाकर जांच करवाएं। इस दौरान उन्होंने शहर से जुड़ी अन्य समस्याएं भी बताई। जिस पर नगरीय आयुक्त संकेत भोंडवे ने कमेटी गठित कर जांच कराने की बात कही।
नगरीय आयुक्त संकेत भोंडवे से शिकायत करते हुए वार्ड-12 के पार्षद प्रतिनिधि मनोज हाड़ा ने कहा कि जो नालियां बनीं ही नहीं उनका भुगतान हो गया, उनकी जांच होना थी, आज तक उसकी जांच नहीं हुई। इसकी जांच की जाए। वहीं वार्ड-5 के प्रतिनिधि प्रवीण मिश्रा ने कहा कि नपा में लेखापाल को नियम विरुद्ध चार्ज दिया है, जबकि नगरीय निकाय एक्ट के तहत भंडार शाखा और अन्य अधिकार नहीं दे सकते। जितनी गाड़ियां ही नहीं है उससे अधिक डीजल डल रहा है। केमिकल और लाइट खरीदने का दावा किया है, वह हकीकत में नहीं है, इसकी जांच करवाई जाए।
कांग्रेस की ओर से नयन विजयवर्गीय और एहतेश्याम सिद्धिकी सहित अन्य ने ट्रैचिंग ग्राउंड की समस्याएं, बेसहारा गौ वंश सहित स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायत की। अलावा अनिल जैन ने कहा कि हाईकोर्ट ने नपा अध्यक्ष के वित्तीय अधिकार रोके हैं लेकिन किसी को देने के लिए भी कहा है तो किसी अधिकृत व्यक्ति को इसके अधिकार दिए जाएं।
आयुक्त से बातचीत के दौरान भाजपा नेता और पार्षद प्रतिनिधि मनोज हाड़ा ने कहा कि एई विनोद त्रिपाठी को आप जांच दल में न रखें, यही सब गड़बड़ी करते हैं। इस पर थोड़ी देर बात त्रिपाठी ने हाड़ा से कहा कि मिस्टर आपने गलत कहा मेरे बारे में, यह सुनते ही हाड़ा गुस्से में आ गए, उन्होंने कहा कि एक तो बेईमानी कर रहे हो, ऊपर से मुझे डरा रहे हो? तुम्हारी सब कहानी पता है मुझे। यह टोन समझ आती है, ठीक कर दूंगा। नरसिंहगढ़ में क्या किया आपने सबको सब पता है। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर निधि भारद्वाज, डूडा अधिकारी आरएस साहू, सीएमओ पवन अवस्थी उन्हें समझाया। इस पर हाड़ा ने कहा कि जनप्रतिनिधि से कैसे बात करना चाहिए, तमीज नहीं इन्हें? मुझे चमका रहे।