
Narsinghgarh News-राजगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप के नरसिंहगढ़ में हुए सांदीपनि स्कूल लोकार्पण कार्यक्रम में शुक्रवार को उस समय माहौल राजनीतिक हो गया, जब जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया को कथित तौर पर एक भाजपा कार्यकर्ता ने थप्पड़ जड़ दिया। घटना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटनाक्रम की शुरुआत दोपहर में कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, उपाध्यक्ष पर्वत यादव, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमन अरोरा और उनके समर्थकों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। पुलिस का कहना था कि उन्हें आशंका थी कि ये लोग कार्यक्रम में प्रदर्शन कर सकते हैं। इस पर विरोध जताते हुए सौंधिया समर्थकों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए। बाद में एसडीएम गोविंद दुबे और तहसीलदार की समझाइश के बाद उन्हें कार्यक्रम स्थल ले जाया गया। जहां पहले वे जमीन पर बैठ गए, बाद में मंच पर बैठाया गया।
मंच पर बैठने के बाद विधायक के भाषण के दौरान ही चंदरसिंह ने प्रभारी मंत्री से शिकायत करना शुरू कर दिया कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया और जनप्रतिनिधि होने के बावजूद उचित सम्मान नहीं मिला। इसी दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता मंच पर पहुंचा और कहा कि नीचे उतरो, तुम लोग कार्यक्रम बिगाड़ने आए हो। देखते ही देखते दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और मंच पर धक्का-मुक्की व तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। कुछ देर के लिए लोकार्पण समारोह राजनीतिक अखाड़े में बदल गया और कार्यक्रम में मौजूद लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रह गए।
हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने स्थिति संभाली और जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया सहित अन्य को कार्यक्रम स्थल से थाने ले जाने लगी। इसी दौरान पुलिस की आसपास मौजूदगी के बावजूद एक भाजपा कार्यकर्ता ने चंदरसिंह सौंधिया को थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति का नाम नारायण बाथम बताया जा रहा है और वह भाजपा का पूर्व पार्षद है। जिपं अध्यक्ष को थप्पड़ जड़ने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसे लेकर तरह-तरह की राजनीतिक प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं।