राजगढ़

NH-52 पर खड़े डंपर में जा घुसी कार, 3 की मौत 4 गंभीर, महाकाल दर्शन करने निकला था परिवार

Car Rams Into Truck : नेशनल हाईवे-52 पर सारंगपुर के नजदीक देवास - बयावरा फोरलेन पर एक कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार घायल हैं। इनमें एक की हालत नाजुक है।
2 min read
Rajgarh News
Car Rams Into Truck (देवास-बयावरा फोरलेन पर ट्रक में जा घुसी कार Photo Source- Input)

Rajgarh News : सरकार की तमाम सख्तियों और ट्रैफिक डिपार्टमेंट द्वारा लगातार चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा और जागरुकता अभियानों के बावजूद मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात ये कि, राज्य में हर रोज रफ्तार की चपेट में आकर सैकड़ों लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं, जबकि इन्हीं में से दर्जनों अपनी जान भी गवा रहे हैं। हालिया भीषण सड़क हादसे से जुड़ा एक मामला राजगढ़ जिले के बयावरा फोरलेन एनएच-52 पर सारंगपुर के नजदीक से सामने आया है। यहां बाबा महाकाल के दर्शन करने उज्जैन जा रहा कार सवार परिवार मार्ग पर चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसा। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार परिवार के 3 सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 4 घायल हैं। इनमें से एक की हालत बेहद नाजुक है।

राजस्थान के धौलपुर से उज्जैन महाकाल के दर्शन करने निकला एक परिवार मंगलवार सुबह सारंगपुर के पास दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-52) पर मऊ के समीप एक आर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार मां, बेटे और बहू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ड्राइवर सहित दो लोग गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। कार में सवार दो बच्चे सुरक्षित हैं।

कार में परिवार के 6 लोग सवार थे

Car Rams Into Truck (देवास-बयावरा फोरलेन पर ट्रक में जा घुसी कार Photo Source- Input)

सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि, हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। धौलपुर निवासी त्रिवेदी परिवार के सदस्य आर्टिगा कार से उज्जैन के लिए रवाना हुए थे। कार अब्दुल पिता आबिद खान चला रहा था। कार में परिवार के छह लोग सवार थे।

टक्कर से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार

पुलिस के अनुसार, NH-52 पर शिमला होटल के सामने चालक कार को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सड़क के किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रक में कार को-ड्राइवर साइड से पीछे की ओर जा टकराई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे का शिकार हुए ये सदस्य

हादसे में सोमा (65) पत्नी सुनील त्रिवेदी, अंकुर (42) पिता सुनील त्रिवेदी और अर्चना (40) पत्नी अंकुर त्रिवेदी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीनों धौलपुर के निवासी थे। वहीं निहाल (22) पिता अतुल तिवारी और कार चालक अब्दुल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शाजापुर रेफर किया गया है। हादसे के समय कार में अंकुर और अर्चना के दो बेटे अंश (14) और तेजस (10) भी मौजूद थे। दोनों बच्चे सुरक्षित बताए गए हैं।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही सारंगपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में ओवरटेक के दौरान खड़े ट्रक से कार टकराने की बात सामने आई है। परिवार उज्जैन दर्शन के लिए निकला था, लेकिन सारंगपुर के पास हुए हादसे ने सफर को मातम में बदल दिया।

Updated on:
11 Aug 2026 09:47 am
Published on:
11 Aug 2026 09:47 am