
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले बोड़ा थाना इलाके के कड़िया सांसी गांव में पुलिस टीम पर उस समय जानलेवा हमला हो गया, जब पुलिस एक आरोपी को पकड़ने गांव पहुंची थी। बताया जा रहा है कि, आरोपी पकड़ने पर भी़ इस कदर हिंसक हो गई, उसकी ओर पुलिस पर पथराव कर दिया। बताया जा रहा है कि, इस पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। वहीं, अब इस घटनाक्म के बाद गांव में जिलेभर से भारी पुलिसबल तैनात किया गया है। गांव में तनावपूर्ण माहौल बताया जा रहा है।
आरोप है कि, आरोपी पक्ष के पुरुषों के साथ साथ महिलाओं ने भी पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई का विरोध करते हुए पहले गाली - गलौज की गई। इसपर भी जब पुलिस की ओर से कार्रवाई जारी रही तो आग बबूला हुई भीड़ ने पुलिस टीम पर ही पथराव कर दिया। बता दें कि, इस जानलेवा हमले के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं हैं। पथराव से पुलिसकर्मियों के बीच मची अफरा तफरी का फायदा उठाकर हिरासत में लिए गए आरोपी छुड़ाकर फरार हो गए। वहीं, इस जानलेवा हमले में आरक्षक विनोद और कपिल अटारिया घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, कपिल को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना मंगलवार देर रात 28 जुलाई से बुधवार तड़के 29 जुलाई के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कड़िया सांसी गांव में कार्रवाई के दौरान लालू उर्फ हिमांशु, नमन, भगवान सिंह, रुचिता, काड़ा, शकीना सहित अन्य लोगों ने एकजुट होकर शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए आरोपी को पुलिस गिरफ्ता से फरार कराने का कार्य किया है। आरोपियों ने पुलिस दल पर पथराव किया, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले के दौरान पुलिस की गिरफ्त में मौजूद लालू उर्फ हिमांशु को छुड़ाकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत की रिपोर्ट पर 6 नामजद समेत अन्य महिला - पुरुषों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आईपीसी की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, सरकारी कर्मचारी पर हमला, जानलेवा हमला, बलवा, धमकी और आरोपी को छुड़ाने सहित अन्य धाराएं लगाई हैं।
पुलिस का कहना है कि, फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।