
Villagers Burn Theif Leg- मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मनुष्यों का अमानवीय चेहरा देखने को मिला। कालीपीठ थाना क्षेत्र के खारपरस गांव में एक युवक को पकड़कर पेड़ और ट्रैक्टर-ट्रॉली से बांधकर पीटने और गर्म तार से दागने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने गांव के लोगों के खिलाफ मारपीट सहित एसी-एसटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया। वहीं, युवक पर 90 साल की वृद्धा के घर लूट का आरोप होने से उसके खिलाफ भी लूट की धाराओं में एफआइआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार 23 जून की रात करीब 11 बजे गांव निवासी जतनबाई सौंधिया (90) के घर में गोविंद वर्मा नामक युवक घुस गया। उसने सो रही वृद्धा के पांव से चांदी की पायल निकाल ली और कड़े उतारने का प्रयास किया। इसी दौरान वृद्धा की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। अगली सुबह घटना की जानकारी गांव में फैलने पर ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की और उसे पकड़ लिया।
इसके बाद युवक को गांव में लाकर बांध दिया गया और उसकी पिटाई की गई। सरेआम उसे भीड़ के बीच में बांधा गया और लकड़ी, हाथ, लातों से मारा गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक से पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक युवती और गांव का ही व्यक्ति लोहे का तार लाकर उसके पैर को दाग दिया। तीन से चार बार उसके पांव को गर्म तार से दागा गया। बाद में युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। वायरल वीडियो में सरेआम गांव के लोग गालियां देते हुए और उसे पीटते नजर आ रहे हैं।
कालीपीठ थाना प्रभारी जितेंद्र अजनारे ने बताया कि वृद्धा की शिकायत पर गोविंद वर्मा के खिलाफ घर में घुसकर लूट का मामला दर्ज किया गया है और उसके कब्जे से चांदी की पायल भी बरामद कर ली गई है। वहीं, गोविंद वर्मा (22) की रिपोर्ट पर देवराज पिता कालूजी, लखन पिता हिंदूसिंह, रामबाबू पिता जगन्नाथ और सुमन पिता पर्वतसिंह सौंधिया सभी निवासी खारपरस के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, धमकी और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है पुलिस के अनुसार पूरे घटनाक्रम की जांच एसडीओपी स्तर पर की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान भी की जा रही है।