राजगढ़

Rajgarh Crime: ‘क्या कर लिया तुमने…’, नौकरी छोड़कर पढ़ाया, घर छोड़कर लड़के के साथ भागी भतीजी, कमरे में मिला चाचा का शव

Rajgarh Youth Death Case: राजगढ़ में भतीजी के अपहरण की नहीं दर्ज की एफआईआर, चाचा का घर में मिला शव। भाई बोला- पुलिस सुन लेती तो आज जिंदा होता मेरा भाई।
3 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 2:50 PM IST
Rajgarh Youth Death Case niece missing police inaction allegations
Rajgarh Youth Death Case: भतीजी के घर छोड़कर भागने के सदमे में चाचा की मौत (फोटो सोर्स- Patrika)

Rajgarh Youth Death Case: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से मंगलवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया है। ब्यावरा के मलावर थाना क्षेत्र के एक गांव में भतीजी के घर से भाग जाने से आहत होकर एक युवक ने सोमवार को आखिरकार जिंदगी से हार मान ली। युवक के परिजनों ने पुलिस पर सुनवाई और कोई कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए है। इधर, जिस पर युवती को भगाकर ले जाने का आरोप है, वे भी परिजनों को लगातार धमका रहे थे। आरोपी युवक को धमकी दी कि- क्या कर लिया तुमने और पुलिस ने?

मिली जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय चाचा ने मानसिक तनाव और पुलिस की कथित अनदेखी से परेशान होकर घटना को अंजाम दिया। सोमवार रात हुई इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीओपी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

लखनवास के युवक पर भतीजी को भगा के ले जाने का शक

जानकारी के अनुसार मलावर थाना क्षेत्र निवासी युवक की संदिग्ध परिस्तिथियों में मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि मेरे से छोटे भाई की बेटी को 14 नवंबर को माता-पिता और भाई(मृतक) को नींद की गोलियां खिलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों का आरोप है कि लखनवास का एक युवक उसे भगाकर ले गया। 14 नवंबर सुबह सात बजे घटना के बाद तुरंत परिवार शिकायत दर्ज कराने मलावर थाने पहुंचा, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की और उन्हें दुत्कारकर भगा दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है, घटना के बाद पुलिस अमला गांव पहुंचा। नरसिंहगढ़ अस्पताल में युवक का पीएम कराया गया। फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों सहित पूरे मामले की जांच कर रही है।

शायद पुलिस सुन लेती तो भाई जिंदा होता- बड़े भाई ने सुनाई आपबीती

मृतक के बड़े भाई ने बताया कि भतीजी के जाने के बाद भाई बहुत चिंता में था, मैं रोज उसे समझाता था कि सब ठीक हो जाएगा, ज्यादा चिंता मत करो। उसने बताया दुखी होकर कहा था कि भाई, रुपयों वालों की सुनवाई होती है, हमारी रिपोर्ट तक नहीं लिखी जा रही। मैने उसे काफी समझाया, लेकिन वह अंदर ही अंदर टूट चुका था। भाई का कहना है कि पुलिस समय रहते शिकायत सुन लेती तो शायद आज उसका भाई जिंदा होता। हालांकि पुलिस का कहना है कि हमने लड़की और परिजनों को थाने बुलाया था, समझाइश दी थी।

भतीजी-बहन की एक साथ शादी की चल रही थी तैयारी

मृतक के परिजनों ने बताया कि चार भाईयों में मृतक सबसे छोटा था। वह भतीजी को अपनी बहन से भी ज्यादा प्यार करता था। उसकी पढ़ाई-लिखाई से लेकर भविष्य तक की चिंता करता था। भतीजी की पढ़ाई के लिए कुछ समय पहले भोपाल की नौकरी छोड़कर गांव लौट आया था। उसने भतीजी को खूब पढ़ाया। परिवार इसी साल युवक और भतीजी, दोनों की शादी की तैयारी कर रहा था। लेकिन जिस भतीजी के भविष्य के लिए उसने अपनी नौकरी तक छोड़ दी, उसी के घर से चले जाने के बाद वह गहरे सदमे में था। साथ ही बड़े भाई ने बताया कि माता-पिता बुजुर्ग हैं और मृतक ही परिवार का सबसे छोटा होने के साथ उनका बड़ा सहारा था। अब उसकी चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

लड़की को थाने बुलाकर समझाया था लेकिन…

लड़की लखनवास के लड़के के साथ गई थी, उसके परिजन थाने आए थे, हमने उसी दिन लड़की को फोन लगाया था, तो लड़की ने बोला मैं आ रही हूं, आवेदन दिया था। लड़की और परिजनों को थाने में बैठाकर समझाया था। उसके बाद सोमवार रात युवक की संदिग्ध परिस्तिथि में मौत हो गई। - धर्मेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी, मलावर

Updated on:
17 Nov 2026, 2:50 PM IST
Published on: