राजगढ़

Rajgarh Crime: घर में रामपाल बाबा की तस्वीरें, पत्नी से कहता था- ‘भगवान की नहीं इनकी पूजा करो’, शनिवार को बिगड़ी बात

Rajgarh Wife Murder:हरियाणा वाले रामपाल बाबा का भक्त है आरोपी रामबाबू गुर्जर, पत्नी को पूजा-पाठ और तीज-त्यौहार मनाने से करता था मना।
2 min read
• •
Oct 10, 2026
Rajgarh Crime
husband kills wife, मृतका गायत्री गुर्जर व आरोपी पति रामबाबू गुर्जर की तस्वीर बैकग्राउंड में घटनास्थल पर जांच करती पुलिस (Source-Patrika)

Rajgarh Crime: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में कोतवाली थाने के गुराड़खेड़ा गांव में शनिवार को हुई महिला गायत्री गुर्जर की हत्या के मामले में चौंका देने वाली बात सामने आई है। मृतका के पिता ने पत्रिका से बातचीत में बताया है कि 'आरोपी पति रामबाबू गुर्जर हरियाणा के रामपाल बाबा का पक्का भक्त था। पत्नी को पूजा-पाठ करने से रोकता था और इस कारण दोनों के बीच विवाद भी होता था, शनिवार को विवाद के बाद मेरी बेटी की हत्या कर दी और फरार हो गया।'

पिता को फोन कर कहा- जल्दी आ जाओ, ये मार डालेगा

मृतका के पिता कमलसिंह गुर्जर (पूर्व सरपंच, छायन) ने बताया कि सुबह बेटी का फोन आया था। वह कह रही थी कि पति मार रहा है, जल्दी आ जाओ, नहीं तो वह उसे मार डालेगा। जब तक वे पहुंचे, रामबाबू बेटी की हत्या कर भाग चुका था। पिता के मुताबिक, आरोपी छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता था। घर में संत रामपाल की तस्वीरें लगी थीं और वह बेटी को भगवान की पूजा-अर्चना नहीं करने देता था। रक्षाबंधन पर भी मायके नहीं आने देता था, सबको कहता था कि ये सब फालतू काम है, कोई रिश्तेदारी नहीं, किसी के कपड़े मत लाओ, किसी के यहां आओ-जाओ मत।

'भगवान की जगह रामपाल की पूजा करो'

मृतका गायत्री के पिता ने पत्रिका से बातचीत करते हुए बताया कि 'रामबाबू हरियाणा वाले रामपाल बाबा का पक्का भक्त है। घर में रामपाल बाबा की कई फोटो लगवा रखी हैं, कहता था कि किसी भी भगवान की पूजा मत किया करो, रामपाल बाबा की पूजा करो। इतना ही नहीं वो हिंदूओं के तीज त्यौहारों को भी पत्नी गायत्री और दोनों बच्चों को नहीं मनाने देता था। जबकि गायत्री हनुमान जी की भक्त थी और उनकी पूजा-पाठ करती थी। इस कारण दोनों में अक्सर विवाद होता था।'

पत्नी की हत्या, पति फरार

गुराड़खेड़ी गांव की रहने वाली गायत्री गुर्जर (36) पति रामबाबू गुर्जर का शव शनिवार सुबह घर में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से गायत्री का पति रामबाबू फरार है, ग्रामीणों के द्वारा घटना की सूचना सुबह करीब 9.30 बजे पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। राजगढ़ जिला अस्पताल में शाम को मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव मायके पक्ष को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर फरार पति की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मृतका गायत्री के दो बेटे हैं जिनकी उम्र 8 और 14 साल है।

Updated on:
10 Oct 2026 07:17 pm
Published on:
10 Oct 2026 07:10 pm