राजगढ़

राजगढ़ में शिक्षक के घर 22 लाख से ज्यादा की डकैती, पति-पत्नी को बंधक बनाकर पीटा

Rajgarh Dacoity: घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों ने दंपती को कट्टों की नोक पर बंधक बनाकर पीटा, 10 तोला सोना, ढाई किलो चांदी व 2.40 लाख नकदी सहित 22 लाख से ज्यादा लूट ले गए।

3 min read
May 29, 2026
teacher house dacoity

Madhya Pradesh Crime News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा के मलावर के तरैना गांव में पांच बदमाशों ने डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गांव के बाहर खेत पर बने शिक्षक भारतसिंह लोधा के घर में घुसे अज्ञात बदमाशों ने शिक्षक व उनकी पत्नी को कट्टों व छुरी की नोंक पर बंधक बनाया और उनके साथ मारपीट की। बदमाश घर से सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 22 लाख रुपये से ज्यादा की रकम लूटकर ले गए हैं। वारदात के बाद से परिवार सदमे में है।

ये भी पढ़ें

एमपी में चपरासी ने बाबू को पकड़वाया, सिंगरौली में लोकायुक्त की कार्रवाई

शिक्षक के घर डकैती

तरैना गांव में शिक्षक भारत सिंह लोधा (43 साल) अपनी पत्नी मांगीबाई के साथ गांव से दूर खेत पर बने अपने एक मंजिला मकान में रहते हैं। बीती रात वह अपने घर पर सो रहे थे, तभी पीछे की तरफ से लकड़ी की बल्ली के सहारे पांच से छह अज्ञात नकाबपोश बदमाश उनके घर में दाखिल हुए। घर में मौजूद शिक्षक भारत सिंह और उनकी पत्नी के साथ बदमाशों ने मारपीट की और दोनों को हथियारों के दम पर खटिया से बांध दिया।

मारपीट कर पति-पत्नी को खटिया से बांधा

पीड़ित शिक्षक भारतसिंह के भतीजे व तरैना पंचायत के सरपंच दिलीप लोधा के अनुसार, रात करीब एक बजे घर में घुसे बदमाशों ने खटिया पर सो रहे उनके चाचा भारतसिंह व चाची मांगीबाई के साथ मारपीट कर उनके सीने पर दो अलग-अलग कट्टे अड़ा दिए। फिर दोनों के पीछे से हाथ बांधकर उनके मुंह में कपड़े ठूंस दिए। दोनों को खटिया पर बांध दिया। इसके बाद बदमाशों ने चाची मांगीबाई गले से मंगलसूत्र, तगन्या और बाजू में बंधा सोने का कड़ा और पैरों की पायल उतार लीं। इसके बाद एक बदमाश दंपती की निगरानी कर वहीं बैठ गया और चार अन्य बदमाश पूरे मकान की तलाशी लेते रहे। इस दौरान बदमाशों के हाथ गेहूं बेचने के 2.40 लाख रुपए नकदी व सोने-चांदी के जेवरात लग गए। बदमाश चाचा-चाची के मोबाइल भी छीनकर रात करीब ढाई बजे मकान के मेन गेट की बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गए।

2 किमी दूर पड़े मिले मोबाइल

बदमाशों के फरार होने के बाद शिक्षक की पत्नी मांगीबाई ने खुद व पति के हाथों में बंधी रस्सी को मुंह व दांतों से खोला। इसके बाद शिक्षक छत पर गए और चीख पुकार लगाकर ग्रामीणों को बुलाया। खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने बाहर से लगी कुंडी खोली। वारदात के बाद रात को ही ग्रामीणों ने लखनवास चौकी को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से ग्रामीणों ने आसपास तलाश किया तो उमेड़ गांव की ओर 2 किमी दूर खेत में दंपती के मोबाइल पड़े हुए मिले। पीड़ित शिक्षक ने पुलिस को बताया है कि वारदात के दौरान बदमाश कह रहे थे कि तुम्हें बहुत जमीन चाहिए, अब देते हैं जमीन।

पुलिस पर गंभीर आरोप

पीड़ित शिक्षक भारत सिंह के भतीजे विनय लोधा का कहना है कि इस मामले में लखनवास चौकी पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। वारदात में करीब 9 से 10 तोला सोने (मौजूदा भाव से) 13.95 लाख, ढ़ाई किलो चांदी (मौजूदा भाव से) 6.25 लाख और 2.40 लाख रुपए नगद बदमाश घर से ले गए हैं। लेकिन पुलिस ने एफआइआर में सिर्फ 3 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी व 2 लाख रुपए नकदी लूटकर ले जाने का जिक्र किया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पर थाना प्रभारी रजनीश सिरोठिया ने फोर्स के साथ रात को ही घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह आला अफसरों सहित डॉग स्क्वॉड, फारेंसिंक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात के मामले में एफआइआर दर्ज कर जांच में लिया है। मारपीट में घायल शिक्षक की पत्नी के गले में भी छुरी के निशान हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ये भी पढ़ें

मंडला में बीजेपी के पूर्व विधायक की गाड़ी का एक्सीडेंट, सिर, पीठ और पैर में आई चोटें
Published on:
29 May 2026 10:36 pm
Also Read
View All