MP news: बीना-नागदा पैसेंजर ट्रेन में एक परिवार का ऊपर की सीट पर रखा बैग फाड़कर सोना-चांदी की ज्वैलरी सहित 14 लाख रुपए का माल चोरी हो गया। चोरों ने बैग काटकर चोरी को अंजाम दिया।
(रिपोर्टर वीरेंद्र जोशी - ब्यावरा)
MP news: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में स्थित विजयपुर-मक्सी रेलवे ट्रेक पर ट्रेन में बैग काटकर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। घटना बीना-नागदा पैसेंजर ट्रेन की है। गुना से पचोर की यात्रा कर रहे परिवार के ऊपर की सीट पर रखा बैग था जिसमें करीब 9 तोला सोने, 250 ग्राम वजनी चांदी की ज्वैलरी (Gold-Silver Jewelry) समेत नकदी समेत करीब 14 लाख रुपए से ज्यादा कीमत का माल रखा था। बदमाश इस बैग को काटकर अंदर रखा सारा माल लेकर रफूचक्कर हो गए। परिवार को जब चोरी का पता चला तो वह दंग रहे गए और रेलवे पुलिस को सूचना दी।
ब्यावरा जीआरपी के अनुसार, शिवपुरी कोलारस में रहने वाली मनीषा पत्नी मनीष शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में मनीषा ने बताया कि वे अपने भाई संदीप शर्मा के साथ बीना-नागदा पैसेंजर से गुना से पचोर की यात्रा कर रही थी। सफर के दौरान तीन बैग उनके पास थे, जिनमें दो में कपड़े व एक छोटे बैग में ज्वैलरी से भरा स्टील का डिब्बा रखा था। तीनों बैग उन्होंने गुना से ट्रेन चलने पर ट्रेन में ऊपर वाली सीट पर रख लिए थे। रास्ते में कुंभराज से ब्यावरा के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ऊपर की सीट पर उसके बैग के पास बैठा और थोड़ी देर बाद उतरकर चला गया। उक्त व्यक्ति के उतरने के बाद फरियादिया ने अपना बैग चेक किया तो ज्वैलरी रखा बैग कटा हुआ था। जिसमें रखा ज्वैलरी से भरा स्टील का डिब्बा गायब था।
बैग में दो तोला का सोने का हार, एक तोला की एक जोड़ झुमकी, एक तोला की सोने की चेन, सोने के तीन तोला के तीन अलग- अलग मंगलसूत्र, दो तोला सोने की चार अंगूठी जिनमें तीन लेडीज व एक जेंस, चांदी की एक जोड़ पायल 200 ग्राम वजनी, चांदी की एक जोड़ बिछिया, चांदी की चेन छोटी बच्ची की और सात हजार रुपए नकदी रखे हुए थे। जिन्हें बदमाश चुराकर ले गए। चोरी गए माल की कीमत 14 लाख रुपए से ज्यादा है। हालांकि पुलिस ने सिर्फ 1.99 लाख रुपए आंकलन किया है। जीआरपी ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
बता दें कि, बीती 17 मई 2025 को राघौगढ़ के सत्यव्रत साहू के साथ भी बीना- नागदा पैसेंजर ट्रेन में ऐसे ही बैग काटकर 47 तोला सोने की ज्वैलरी चोरी की वारदात सामने आई थी। उक्त वारदात के बाद तत्कालीन जीआरपी थाना प्रभारी केसी टंडन को हटा दिया गया था। हालांकि बाद में जीआरपी ने उक्त वारदात को ट्रेस कर लिया था। जिसके आरोपी जेल में है और कुछ माल भी जीआरपी ने बरामद कर लिया था।