2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हाईवे पर आग का गोला बना डाक पार्सल कंटेनर, अंदर सो रहे ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

MP news: हाईवे के किनारे खड़े मेल पार्सल कंटेनर में आग लग गई। केबिन राख में बदल गया। अंदर सो रहा ड्राइवर सुरक्षित कूद गया। गुना बाईपास पर हुई घटना।

2 min read
Google source verification
Mail Parcel Container Erupts into Fire on Guna bypaas Driver Jumps Out mp news

Mail Parcel Container Erupts into Fire (Patrika.com)

MP news: मध्य प्रदेश के राजगढ़ में सड़क पर खड़ा कंटेनर अचानक आग का गोला बन गया। हाइवे किनारे खड़े एक डाक पार्सल कंटेनर में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शाम साढ़े 4 बजे ब्यावरा के एबी रोड के गुना बायपास पर हुए इस हादसे के बाद देखते ही देखते आग ने कंटेनर के आगे के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

कंटेनर में अचानक लगी आग

पुलिस के अनुसार, कंटेनर नंबर एचआर 55 बीबी 4190 गुजरात के अहमदनगर से डाक पार्सल लेकर बनारस जा रहा था। शाम साढ़े 4 बजे चालक ने अरनिया जोड़ के पास कंटेनर को हाइवे किनारे खड़ा कर दिया। ड्राइवर कंटेनर को खड़ा कर सो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तभी कुछ ही समय बाद उसके केबिन से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ देर बाद अचानक आग भड़क गई और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं।

सो रहा था ड्राइवर, बाहर कूदकर बचाई जान

कंटेनर चालक अरविंद पुत्र पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि लंबा सफर तय करने से उसे काफी थकान महसूस होने से वह अरनिया जोड़ के पास वाहन को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर केबिन में ही सो गया था। कुछ देर बाद केबिन में धुआं भरने लगा, जिससे उसकी नींद खुल गई। जब उसने आंख खोली तो सामने आग की लपटें उठती दिखीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने बिना समय गंवाए तुरंत कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचाई और आसपास के लोगों को सूचना दी।

मुश्किल से खुला पीछे का गेट, पार्सल सुरक्षित

आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने कंटेनर के पिछले हिस्से में रखे पार्सल को सुरक्षित निकालने के लिए गेट खोलने का प्रयास किया, लेकिन पासवर्ड लॉक सिस्टम होने के कारण गेट नहीं खुल सका। इस दौरान काफी देर तक प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में चालक ने कंटेनर मालिक से संपर्क कर पासवर्ड प्राप्त किया, तब जाकर गेट खोला जा सका।

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के पहले स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया और एक तरफ का रास्ता बंद करवा दिया गया। दमकल ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस मामले की जांच कर ही है। फिलहाल आग लगने का कारण सपष्ट नहीं है।