2 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एमपी में भाजपा नेता पर कुल्हाड़ी से हमला, राज्यमंत्री पर हमला करवाने का आरोप

MP News: अतिक्रमण विवाद में भाजपा नेता व सरपंच पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, दूसरे पक्ष ने लगाया ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश करने का आरोप।

2 min read
Google source verification
rajgarh

bjp leader axe attack encroachment dispute

MP News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर थाने के सुल्तानिया गांव में गुरुवार सुबह 7:30 बजे के करीब सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें सुल्तानिया गांव के सरपंच और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र मालवीय पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला किया गया। हमले में जितेन्द्र मालवीय के सिर में गंभीर चोट आई है। वहीं दूसरे पक्ष के साथ भी मारपीट हुई है। मध्यप्रदेश के राज्यमंत्री गौतम टेटवाल पर हमला करवाने का आरोप है, हालांकि राज्यमंत्री ने कहा है कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है।

अतिक्रमण को लेकर उपजा विवाद

बताया जा रहा है कि श्मशान की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने को लेकर विवाद उपजा। कुछ दिन पहले सरपंच की शिकायत पर राजस्व टीम ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाया था। जिसको लेकर ही गुरुवार को ट्रैक्टर से कचरा फेंकने गए सरपंच और गांव के ही कैलाश नागर और दुर्गाप्रसाद नागर के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान किसी ने सरपंच पर कुल्हाड़ी से हमला किया। जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई है। वहीं दूसरे पक्ष के साथ भी मारपीट के आरोप हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

राज्यमंत्री टेटवाल के इशारे पर हमले का आरोप

घटना के बाद घायल सरपंच जितेन्द्र मालवीय पचोर थाने पहुंचे। सरपंच का आरोप है कि यह हमला राज्यमंत्री गौतम टेटवाल के इशारे पर किया गया है। दो दिन पहले गांव में अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद से ही तनाव बना हुआ था। सरपंच का आरोप लगाया कि हमलावरों ने कहा कि उन्हें मंत्री का संरक्षण प्राप्त है। हालांकि मामले को लेकर मंत्री गौतम टेटवाल ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। मंत्री ने इसे आपसी विवाद और पब्लिसिटी स्टंट बताया।

दूसरे पक्ष का आरोप-सरपंच ने ट्रैक्टर चढ़ाने का किया प्रयास

दूसरे पक्ष ने सरपंच पर भी गंभीर आरोप लगाए है। उनका कहना है कि वे खेत पर काम कर रहे थे, तभी सरपंच ने ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस झड़प में दूसरे पक्ष के भी दो लोग घायल हुए हैं। सरपंच के बयान के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर सरपंच सहित अन्य लोगों पर भी मारपीट का केस दर्ज हुआ है।