
Rajgarh news: शासन स्तर पर पूरे प्रदेश में आयोजित जनजाति गौरव दिवस एमपी के राजगढ़ में फीका रहा। यहां आदिवासी समाज के लोग ही नाराज हो गए। मंच पर नेता, पदाधिकारी और प्रतिनिधि बैठे और आदिवासी समाज के प्रतिनिधि और पदाधिकारियों को जगह नहीं दी गई। इससे नाराज समाज के लोगों ने सम्मान करवाने से इनकार कर दिया और कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। बिरसा मुंडा प्रतिमा के नजदीक पहुंचकर उन्होंने विरोध जताया। वहीं, मंच पर संबोधन के दौरान अजजा मोर्चा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य और पूर्व अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष ने खूब खरी खोटी सुनाई।
उन्होंने आरोप लगाया कि हमारी समाज का आयोजन है लेकिन समाज के महज तीन प्रतिशत लोग यहां बैठे हैं। बाकि विभिन्न छात्रावास से बुलाई गईं बहनें यहां हैं, साथ ही सरकारी विभाग के अधिकारी कर्मचारियों से पूरा परिसर भरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारी समाज के लोगों को नहीं बुलाना और उन्हें मंच नहीं देना यह सीधे तौर पर समाज का अपमान है। शासन स्तर पर पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश थे, कलेक्टर ने संबंधित विभाग को भी निर्देशित किया लेकिन उन्होंने कोई इंतजाम नहीं किए। राम भील ने मंच से कहा कि कॉर्डिनेट कर विभाग को यह पर्व विशेष तौर पर मनाना चाहिए था लेकिन यहां कोई तैयारी नहीं की गई। इस जिले के राजा भील रहे हैं, यह सीधा समाज का अपमान है।
केंद्र सरकार की शासन योजना है लेकिन हमारी समाज के गांवों की तीन किमी की सड़क नहीं बन पा रही। केंद्र की धरती आभा योजना है, ग्राम उत्कृष्ट योजना है, क्यों रोड नहीं बनवाया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाए कि कार्यक्रम के दौरान न ढंग के पोस्टर लगवाए न ही आदिवासी नृत्य ढंग का करने दिया गया। कुल मिलाकर खानापूर्ति की गई। कार्यक्रम के दौरान मंच पर कार्यक्रम के दौरान सांसद रोडमल नागर, कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा, सीईओ जिपं, डॉ. इच्छित गढ़पाले, राजगढ़ विधायक, खिलचीपुर से हजारीलाल दांगी और नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा सहित भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
समाज के पदाधिकारियों ने समाज के ही लोगों के नाम नहीं लेने की कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने सम्मान नहीं होने पर नाराजगी जताई। पूर्व जिला अध्यक्ष राम भील मामा सहित जिला अध्यक्ष गजराज चौहान जनजाति मोर्चा ने भी नाराजगी जताई, विरोध के बाद जबरदस्ती किए जा रहे सम्मान में माला नहीं पहनी। राम ने आरोप लगाए किए अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष को ही ये लोग भूल गए।
खुद को अपमानित होता देख आदिवासी समाज के लोग वहां बहिष्कार कर प्रतिमा के समक्ष पहुंचे। समाज के जिला अध्यक्ष मुकेश भिलाला ने कहा कि हमारा इंतजार नहीं किया गया। कार्यक्रम जल्दी कर दिया, साथ ही गाडि़यां पूरी नहीं भेजीं, दूर-दराज के समाज के लोग नहीं आ पाए। सीधे तौर पर प्रशासन और आयोजकों ने हमें ही नजरअंदाज कर दिया। हमारी समाज के बच्चे भी वहां नजर नहीं आए, दूसरे ही लोग बैठे रहे। अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष गजराज चौहान और समाज के जिला अधय्क्ष मुकेश भिलाला, कार्यकारी अध्यक्ष रोडसिंह भिलाला (सरपंच) नीचे बैठे रहे। उन्हें भी सम्मान नहीं मिला। मंच पर पूरे समय भाजपा के लोग, प्रतिनिधि, पदाधिकारी बैठे रहे।
कार्यकारी अध्यक्ष रोडसिंह भिलाला ने आरोप लगाया कि एक तो हमें पहले बुलाया गया, बाद में जब हम ग्राउंड पर आए तो हमें तव्वजो नहीं दी। खुद को अपमान महसूस हुआ तो बाहर निकल कर आ गए। कलेक्टर, सीईओ, अपर कलेक्टर सब लोग वहां थे, उन्हें समझ नहीं आया कि समाज के लोगों को ही अपमान हो रहा है। हम लोगों को जरा भी तवज्जो नहीं दी गई। वहीं, देवेंद्रसिंह भिलाला आदिवासी कांग्रेस का अध्यक्ष हूं, मेरे साथ भी पक्षपात किया गया, मंच पर नहीं बुलाया।
समाज के लोगों ने बताया कि आयोजन के लिए शासन स्तर पर निर्देश हैं कि समाजजनों को गांवों से लाया जाए। इसके लिए बसें भेजी जाती रही हैं। पहले छह बसों की बात थी, विधानसभावार बस भेजना थी, बाद में चार का बबोला और फिर चार छोटी बसें भेजी गईं। जिसके बाद लोग अपने वाहनों से भी आए और उन्हें देरी हो गई। कुल मिलाकर यह खानापूर्ति होती रही लेकिन किसी को कोई फर्क ही नहीं पड़ा।