राजगढ़

Rajgarh News: पति ने तौलिये से ढंकी पत्नी की डेडबॉडी, तेरहवीं से लौटते समय हमेशा के लिए हो गए जुदा

Road accident: तेरहवीं के कार्यक्रम से लौट रहे पति-पत्नी हादसे का शिकार हो गए। पति ने रोते हुए परिवार को दी घटना की जानकारी।
2 min read
Aug 24, 2026
Road accident: पत्नी की मौत (Photo Source - Patrika)
Road accident: पत्नी की मौत (Photo Source - Patrika)

Rajgarh News: जयपुर-जबलपुर नेशनल हाइवे-52 पर सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। भंवरपुरा गांव में रिश्तेदारी में 13वीं के कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे दंपती को ढलान वाले हिस्से में सामने से आए बेकाबू कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर जा गिरी और कंटेनर उसे करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद पहिए के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान लाड़बाई (48) पत्नी शिवनारायण सौंधिया निवासी मानकी, ब्यावरा के रूप में हुई है। हादसे में पति शिवनारायण (50) को भी चोटें आई हैं। हादसा इतना भीषण था कि महिला का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

बेसुध हुआ पति, रोते हुए परिजन को दी सूचना

हादसे के बाद पत्नी की मौत देखकर शिवनारायण बेसुध हो गया। कुछ देर बाद उसने रोते हुए फोन पर परिजन को हादसे की सूचना दी। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस और परिजन को घटना की जानकारी दी। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाई और कहा कि हिम्मत से काम लीजिए। इस दौरान काफी भीड़ वहां पर जमा हो गई।

राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़ा, नशे में होने का आरोप

हादसे के बाद राहगीरों ने ट्रक का पीछा कर चालक को नेवज नदी के पुल के पास पकड़ लिया। कंटेनर को एक ढाबे के पास खड़ा करवाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक के पास से शराब की गंध आ रही थी। लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई। पुलिस चालक की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

काफी देर सड़क पर पड़ा रहा शव, पति ने तौलिये से ढंका

हादसे के बाद महिला का शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। दृश्य इतना वीभत्स था कि पति ने अपने तौलिये से पत्नी के शव को ढंक दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने में करीब आधा घंटे का समय लगा। बाद में टीआई मंजू माखेनिया, एसआई सुभाष द्विवेदी सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार खोयरी मंदिर पर सावन सोमवार के कारण लगे ट्रैफिक जाम में पुलिसकर्मी फंसे थे, जिसके चलते मौके पर पहुंचने में देरी हुई। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।

Updated on:
24 Aug 2026 03:58 pm
Published on:
24 Aug 2026 03:58 pm