
Chhattisgarh News: राजनांदगांव जिले में अवैध शराब के कारोबार पर कुछ दिनों तक चली पुलिस की सख्ती अब बेअसर होती दिखाई दे रही है। कार्रवाई की रफ्तार धीमी पड़ते ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में शराब कोचिए फिर से सक्रिय हो गए हैं। हालात यह हैं कि अब अवैध शराब की बिक्री का तरीका भी बदल गया है। कोचिए ग्राहकों को बुलाने के बजाय बाइक के जरिए उनके घरों और तय स्थानों तक शराब पहुंचा रहे हैं।
जिससे पुलिस की निगरानी से बचकर कारोबार बेखौफ तरीके से संचालित किया जा रहा है। लगातार बढ़ रहे इस अवैध धंधे ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले तक पुलिस की लगातार कार्रवाई के कारण कई कोचियों ने अपना कारोबार बंद कर दिया था। लेकिन अब कार्रवाई लगभग थम जाने से एक बार फिर अवैध शराब का नेटवर्क सक्रिय हो गया है। इससे न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि चोरी, मारपीट, सडक़ दुर्घटनाओं और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।
जिले में डोंगरगढ़ और डोंगरगांव क्षेत्र अवैध शराब कारोबार के प्रमुख केंद्र बनते जा रहे हैं। पुलिस की पूर्व कार्रवाई के दौरान यहां कई कोचियों ने कारोबार बंद कर दिया था, लेकिन अब दोबारा धंधा शुरू हो गया है। इसी तरह घुमका क्षेत्र के कई गांवों से भी अवैध शराब बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही कई स्थानों पर खुलेआम शराब की बिक्री होने लगती है।
पत्रिका की पड़ताल में सामने आया कि शहर के चिखली, स्टेशनपारा, रामनगर, शंकरपुर, ममता नगर, मिल चाल क्षेत्र, राजीव नगर, नंदई चौक सहित कई इलाकों में अवैध शराब की बिक्री फिर से खुलेआम होने लगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोचिए अब बाइक से शराब की होम डिलीवरी कर रहे हैं, जिससे उन तक पहुंचना और पकडऩा मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने फिर से लगातार अभियान चलाकर कोचियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो अवैध शराब का कारोबार और तेजी से फैलेगा। लोगों ने पुलिस प्रशासन से नियमित छापेमारी, सप्लाई चैन पर कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अवैध शराब पर प्रभावी नियंत्रण ही जिले में अपराध पर अंकुश लगाने का सबसे प्रभावी तरीका साबित होगा।
राजनांदगांव एएसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कुछ शराब कोचिए कार्रवाई से बचने के लिए अपना तरीका बदलकर अवैध कारोबार कर रहे हैं, तो ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रूप से लगाम लगाई जाएगी।