
Chhattisgarh News: शहर के विकास को रविवार को बड़ी रफ्तार मिली। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शहर में 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 15 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से बनने वाला प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम प्रमुख आकर्षण रहा। सडक़, नाली, विद्युतीकरण, पेयजल, मुक्तिधाम उन्नयन, सामुदायिक भवन और पाइपलाइन विस्तार जैसे कार्यों से शहर के विभिन्न वार्डों में अधोसंरचना मजबूत होगी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि 2000 सीटर ऑडिटोरियम राजनांदगांव के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगा। इसमें बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सुविधाएं, पार्किंग, कॉरिडोर तथा करीब एक हजार लोगों के एक साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था होगी। यह राजनांदगांव सहित आसपास के नगरीय क्षेत्रों के लिए भी बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में अतिरिक्त 10 एमएलडी जल शोधन संयंत्र की आवश्यकता बताई, गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के पीछे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के विवाह व सामाजिक आयोजनों के लिए शेड और अतिरिक्त कक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे शहर के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राजनांदगांव नगर निगम को लगभग 267 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए प्राप्त हुए हैं। सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार राजनांदगांव के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि शहर के सभी 51 वार्डों के संतुलित विकास को ध्यान में रखकर कार्यों की शुरुआत की गई है।
इस अवसर पर पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, रमेश पटेल, राजेश श्यामकर, राजेन्द्र गोलछा, सौरभ कोठारी, नगर निगम सभापति पारस वर्मा, एसपी अंकिता शर्मा, सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद मौजूद रहे।