राजनंदगांव

Rajnandgaon News: राशन दुकानों से गायब हुई शक्कर, 2 लाख से अधिक कार्डधारियों की बढ़ी परेशानी

Ration Shop: राशन दुकानों से शक्कर का वितरण प्रभावित होने से 2.67 लाख से अधिक राशन कार्डधारियों की परेशानी बढ़ गई है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:09 PM IST
Rajnandgaon Ration Shop
राशन दुकानों से गायब हुई शक्कर (Photo Patrika)

Rajnandgaon Ration Shop: सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सस्ती दर पर मिलने वाली शक्कर राशन दुकानों से नदारद है। जिले की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में शक्कर का आबंटन नहीं होने से हितग्राहियों को बाजार से महंगे दाम पर खरीदी करनी पड़ रही है। इसका सीधा असर सीमित आय वाले परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। राशन दुकान में एक किलो शक्कर 17 रुपए में मिलती है, जबकि निजी दुकानों में इसके लिए 40 से 45 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। यानी हितग्राहियों को प्रति किलो 23 से 28 रुपए अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं।

पूरी तरह बंद करने का प्लान तो नहीं

सूत्रों के अनुसार गन्ने से एथेनॉल उत्पादन के चलते शक्कर के उत्पादन और बाजार में उपलब्धता पर असर पडऩे की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि छह महीने पहले 30 से 32 रुपए किलो मिलने वाली शक्कर अब 40 से 45 रुपए तक पहुंच गई है। हालांकि शासकीय दुकानों में शक्कर का आबंटन नहीं होने की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। कुछ श्रेणियों के राशन कार्डों में पहले ही शक्कर वितरण बंद है। ऐसे में आशंका है कि कहीं सरकार शक्कर को पूरी तरह बंद करने के फिराक में तो नहीं है। राशन दुकान संचालक अगले महीने से नियमित वितरण शुरू होने की उम्मीद जता रहे हैं।

फैक्ट फाइल

अंत्योदय राशन कार्ड: 37,752
प्राथमिकता राशन कार्ड: 1,94,590
एपीएल (सामान्य परिवार): 34,008
निराश्रित राशन कार्ड: 299
नि:शक्तजन राशन कार्ड: 1,292
कुल राशन कार्ड: 2,67,941

भाजपा सरकार जुमलेबाजी में अव्वल है। महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह नाकाम है। अब राशन दुकानों से शक्कर की कटौती गरीबों के हक की मिठास छीनने जैसी है। कांग्रेस इस मुद्दे पर सडक़ से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी। जनता भी समय आने पर भाजपा को इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।

— जितेंद्र मुदलियार

शासन की ओर से ही शक्कर का आबंटन नहीं हो रहा है। जैसे ही शक्कर उपलब्ध होगी, हितग्राहियों को उसका वितरण कराया जाएगा।
— रविंद सोनी,
जिला खाद्य अधिकारी

Updated on:
27 Nov 2026, 6:09 PM IST
Published on: