Pregnant Woman Murder Rajasthan: जानकारी के अनुसार महिला 11 फरवरी से अपने मासूम बच्चे के साथ घर से लापता थी। परिजनों ने भीम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
Rajsamand Crime News: राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र से गुरुवार को मानवता को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई। कुशलपुरा ग्राम पंचायत के चाक हीरात गांव की 9 माह की गर्भवती महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार महिला 11 फरवरी से अपने मासूम बच्चे के साथ घर से लापता थी। परिजनों ने भीम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गुरुवार को भीम तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान महिला का शव बरामद हुआ। शव को पत्थर से बांधकर पानी में फेंका गया था ताकि वह सतह पर न आ सके। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
महिला के दो वर्षीय बेटे का शव पास के जंगल में होने की आशंका जताई गई है। सिविल डिफेंस और पुलिस टीमें जंगल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चला रही हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक, भीम उपाधीक्षक और भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा।साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है, जबकि शव को बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ की मदद ली गई। हजारों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला का पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। वहीं, स्थानीय स्तर पर अवैध संबंधों की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस हर कोण से जांच कर रही है कि इस वारदात में परिवार का कोई सदस्य शामिल है या किसी बाहरी व्यक्ति ने घटना को अंजाम दिया।इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। ग्रामीणों में भारी रोष है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठ रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी तथ्यों की गहन जांच कर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।