राजसमंद

Success Story: पिता को खोया, 2 बार UPSC इंटरव्यू तक पहुंचे, फिर भी नहीं मानी हार; अब राजस्थान में JEN बनकर संभाल रहे जिम्मेदारी

राजसमंद के इंद्रजीत सिंह UPSC IES के दो इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन चयन नहीं हुआ। हार नहीं मानी और अब राजस्थान सरकार में JEN बनकर सेवाएं दे रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 6:09 PM IST
indrajeet singh success story
इंद्रजीत सिंह (पत्रिका फोटो)

Indrajeet Singh Success Story: भीम (राजसमंद): सफलता की राह में कई बार असफलताएं मिलती हैं, लेकिन जो लोग मुश्किलों के आगे हार नहीं मानते, वे एक दिन अपनी मंजिल हासिल कर लेते हैं। राजस्थान के राजसमंद जिले के भीम क्षेत्र के इंद्रजीत सिंह की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। सीमित संसाधनों और पारिवारिक परिस्थितियों के बीच उन्होंने अपने सपनों को जिंदा रखा। UPSC की इंडियन इंजीनियरिंग सर्विस (IES) परीक्षा में तीन प्रयास किए और दो बार इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और राजस्थान सरकार की कनिष्ठ अभियंता (JEN) भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की। वर्तमान में वे नगर पालिका नाथद्वारा में कनिष्ठ अभियंता के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।

सरकारी स्कूल से इंजीनियरिंग तक का सफर

इंद्रजीत सिंह की प्रारंभिक शिक्षा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ठीकरवास कलां में हुई। इसके बाद उन्होंने राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग सेवाओं में जाने का लक्ष्य तय किया और UPSC की IES परीक्षा की तैयारी के लिए दिल्ली चले गए।

तीन प्रयास किए, दो बार इंटरव्यू तक पहुंचे

UPSC IES की तैयारी के दौरान इंद्रजीत सिंह ने पूरी मेहनत और लगन के साथ तीन प्रयास किए। पहले प्रयास में उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा पास की, लेकिन मुख्य परीक्षा में सफलता नहीं मिली। दूसरे प्रयास में प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन सूची में जगह नहीं बना सके।

उन्होंने तीसरे प्रयास में भी प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा पास की और इंटरव्यू तक पहुंचे। हालांकि, इस बार भी अंतिम चयन नहीं हो पाया। लगातार दो बार इंटरव्यू तक पहुंचने के बावजूद इंद्रजीत सिंह ने असफलता को अपने सपनों के रास्ते की बाधा नहीं बनने दिया।

तैयारी के दौरान पिता का निधन, फिर भी नहीं टूटा हौसला

इंद्रजीत सिंह के संघर्ष में एक भावुक मोड़ तब आया, जब UPSC की तैयारी के दौरान उनके पिता मोहन सिंह का निधन हो गया। परिवार पर आए इस दुख और व्यक्तिगत क्षति के बीच भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। कठिन परिस्थितियों में अपनी तैयारी और मेहनत जारी रखी। इस दौरान मां का आशीर्वाद और परिवार का सहयोग उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।

राजस्थान सरकार में JEN बनकर हासिल की सफलता

UPSC की लंबी तैयारी और उससे मिले अनुभव के बाद इंद्रजीत सिंह ने राजस्थान में कनिष्ठ अभियंता भर्ती परीक्षा की तैयारी शुरू की। इस बार उनकी मेहनत रंग लाई और राजस्थान सरकार में JEN पद पर उनका चयन हो गया। वर्तमान में वे नगर पालिका नाथद्वारा में कनिष्ठ अभियंता के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इंद्रजीत सिंह अपनी सफलता का श्रेय अपने दिवंगत पिता मोहन सिंह, माता, नाना-नानी और परिवार के सहयोग व संस्कारों को देते हैं।

युवाओं को दिया असफलता से न घबराने का संदेश

इंद्रजीत सिंह का सफर उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं में असफलता मिलने पर निराश हो जाते हैं। उनका मानना है कि असफलता किसी व्यक्ति की अंतिम मंजिल नहीं होती। लगातार प्रयास, आत्मविश्वास, धैर्य और परिवार का सहयोग मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य को हासिल करने की राह खोल सकता है।

Updated on:
14 Nov 2026, 6:09 PM IST
Published on: