राजसमंद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोरी धाम में मंगेतर के साथ घूमने आया चित्तौड़गढ़ का एक 20 वर्षीय युवक अचानक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। फोटोशूट के दौरान पानी में पैर फिसलने से वह गहरे कुंड में डूब गया। मंगेतर के सामने हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मौत की खबर लगते ही परिवार में मातम पसर गया।

राजसमंद। दिवेर थाना क्षेत्र की बागाना ग्राम पंचायत स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गोरी धाम में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहां अपनी मंगेतर के साथ घूमने आए चित्तौड़गढ़ निवासी एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। बुधवार सुबह उदयपुर से बुलाई गई एसडीआरएफ की टीम, सिविल डिफेंस टीम राजसमंद, दिवेर पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकाला जा सका।
दिवेर थानाधिकारी दौलत सिंह ने बताया कि चित्तौड़गढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र के सुरजना चौकी निवासी 20 वर्षीय अर्जुन दमामी, अपनी मंगेतर और मंगेतर के अंकल के साथ गोरी धाम घूमने आए थे। गोरी धाम पहुंचने के बाद मंगेतर के अंकल मंदिर परिसर में ही रुक गए। इस दौरान अर्जुन और उसकी मंगेतर यह कहकर नीचे की तरफ गए कि वे फोटोशूट करके अभी वापस आते हैं।
नीचे पहुंचने के बाद अर्जुन नहाने के लिए पानी के नजदीक गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में चला गया। मंगेतर के सामने ही अर्जुन गहरे कुंड में समा गया। अर्जुन को डूबता देख मंगेतर ने चिल्लाकर मदद की गुहार लगाई, जिसे सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़े।
घटना की सूचना मिलते ही दिवेर थाना अधिकारी दौलत सिंह, हेड कांस्टेबल विकास कुमार, आसूचना अधिकारी कांस्टेबल रंगलाल, कांस्टेबल अनिल कुमार, सचिन और राम लाल तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए नागरिक सुरक्षा टीम (सिविल डिफेंस) राजसमंद को मौके पर बुलाया। मंगलवार देर शाम तक पानी में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने और पानी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
बुधवार सुबह उदयपुर से राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की विशेष टीम को बुलाया गया। दोनों टीमों के संयुक्त तत्वावधान में सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद अर्जुन का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया। जिस गहरे कुंड से शव को निकाला गया था, वह बेहद दुर्गम इलाके में था। शव को नीचे खाईनुमा हिस्से से लेकर लगभग 100 फीट ऊंची और खड़ी पहाड़ी के ऊपर तक सुरक्षित लाना एक बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य था। ग्रामीणों और पुलिस के जवानों ने कंधे से कंधा मिलाकर, भारी मशक्कत करते हुए शव को पहाड़ी के ऊपर पहुंचाया।
थानाधिकारी दौलत सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए मृतक अर्जुन दमामी के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। दोनों की एक महीने पूर्व ही सगाई हुई थी और इसी साल दिसंबर में शादी होने वाली थी। युवक की मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।