
राजसमंद। प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन के बाद गुरुवार अलसुबह पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मंदिर परिसर में उन्हें सांस लेने में परेशानी महसूस हुई, जिसके बाद वे असहज हो गए। स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल श्री गोवर्धन राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनकी स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें स्वस्थ बताया। इसके बाद धनखड़ ने भी राहत महसूस की और चिकित्सालय से सीधे उदयपुर के लिए रवाना हो गए।
इससे पहले पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ गुरुवार अलसुबह सपरिवार राजसमंद जिले के नाथद्वारा पहुंचे थे। यहां उन्होंने पुष्टिमार्ग की प्रधान पीठ प्रभु श्रीनाथजी की मंगला झांकी के दर्शन किए और सपरिवार प्रभु का आशीर्वाद लिया। उन्होंने देश-प्रदेश में खुशहाली, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
दर्शन के पश्चात मंदिर मंडल की परंपरानुसार धनखड़ दंपती का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया तथा उन्हें प्रभु श्रीनाथजी का प्रसाद भेंट किया गया। इस दौरान मंदिर के सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, जमादार विठ्ठल सनाढ्य, कैलाश पालीवाल सहित मंदिर के अन्य सेवादार मौजूद रहे।
नाथद्वारा पहुंचने पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार एवं उपखंड अधिकारी भागीरथ सिंह ने पूर्व उपराष्ट्रपति की अगवानी की। उल्लेखनीय है कि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ प्रभु श्रीनाथजी के अनन्य भक्त हैं। वे राज्यपाल एवं उपराष्ट्रपति के पद पर रहते हुए भी कई बार नाथद्वारा पहुंचकर प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन कर चुके हैं।