
राजसमंद। भीम उपखंड क्षेत्र के डुंगाजी का गांव, ग्राम पंचायत अंतर्गत डांसरिया मादा जी का गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पति ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही भीम थाना अधिकारी सवाई सिंह राठौड़ पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर भीम उपजिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। पत्नी की हत्या करने के बाद पति जगदीश सिंह ने खुद पर भी कुल्हाड़ी से वार कर लिए। इससे उसके भी चोटें आई।
जगदीश सिंह को घायल अवस्था में पुलिस निगरानी एवं सुरक्षा के तहत भीम उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जिसका उपचार जारी है। राजसमंद जिले के भीम सीआई सवाई सिंह राठौड़ के अनुसार मादाजी का गांव डांसरिया में देर रात महिला की हत्या की घटना हुई। मृतका के भाई छगन सिंह पुत्र नारायण सिंह रावत (निवासी दर्रा अजीतगढ़) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया कि जगदीश सिंह रावत (निवासी मादाजी का गांव डांसारिया) ने उसकी बहन की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। 19 जून की रात करीब 12 बजे मृतका के 8 वर्षीय पुत्र कुलदीप ने अपनी मौसी अनिता देवी (निवासी सांगावास) को फोन कर बताया कि पापा ने मम्मी को कुल्हाड़ी से मार दिया है।
परिजनों के अनुसार, मृतका माया देवी का विवाह जगदीश सिंह के साथ लगभग 12 वर्ष पूर्व हुआ था और उनके दो संतानें हैं। विवाह के बाद से ही पति द्वारा दहेज की मांग को लेकर आए दिन मारपीट और प्रताड़ना की बात सामने आई है। आरोप है कि वह परिवार का खर्च भी नहीं देता था, जिससे माया देवी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि पति कई बार उसकी मजदूरी की कमाई भी छीन लेता था।
इसके बाद घटना की सूचना पर परिजन और ग्रामीण भगवान, शिवरामसिंह, उदयसिंह, प्रताप सिंह एवं मैं स्वयं मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, जब वे मौके पर पहुंचे तो माया देवी का शव खून से लथपथ पड़ा था और पास में कुल्हाड़ी भी पड़ी हुई थी। सूचना पर भीम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।