
राजसमंद। दिवेर थाना क्षेत्र में खिमाता की बरजाल गांव में एक विवाहिता की कुएं में डूबने से मौत हो गई। दिवेर पुलिस के अनुसार किशन सिंह रावत निवासी खिमाता की बरजाल थाना दिवेर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी पुत्री दुर्गा सवेरे खेत पर गई और इसके बाद पानी पीने कुएं की तरफ गई तभी उसका पांव फिसल गया और कुएं में गिर गई। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश की तो कुएं के बाहर उसकी चप्पल नजर आई। उन्हें कुएं में गिरने की शंका हुई।
यह वीडियो भी देखें
इस दौरान परिजन एवं ग्रामीणों ने दिवेर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दिवेर थाने से हैड कांस्टेबल विकास कुमार मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कुएं के गहरे पानी से मृतका को बाहर निकलवाया और शव को अपने कब्जे में लेकर छापली पीएचसी में रखवाया। पुलिस ने परिजनो की मौजूदगी में मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार दुर्गा ने करीब डेढ़ साल पहले मुकेश सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था और उसके साथ आसींद के समीप ही रहती थी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात्रि में मुकेश सिंह ने आत्महत्या कर ली थी। उसका शव बदनोर में एक पेड़ पर लटका मिला। पुलिस कार्यवाही के बाद मुकेश सिंह का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह उसके ननिहाल भेरागुड़ा थाना दिवेर में किया गया। इधर दुर्गा की कुएं में डूबकर मौत के बाद गुरुवार शाम को अंतिम संस्कार किया गया।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही राजसमंद जिले के चारभुजा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत टाडावाड़ा गुजरान के मोराना गांव में एक 18 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया था। थाना अधिकारी सोनाली शर्मा ने बताया था कि नर्बदा पुत्री भंवरलाल भील उम्र 18 वर्ष निवासी मोराना ने बुधवार को अपने ही घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। खुदकुशी से एक दिन पहले युवती ने सोशल मीडिया अकाउंट पर श्मशान में चिता जलने की फोटो पोस्ट किया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चारभुजा की मोर्चरी में रखवाया गया।