
Rajsamand New Zila Pramukh : राजसमंद. राजनीति में कभी-कभी कम समय में ऐसे सियासी सफर तय होते हैं, जो लंबे समय तक चर्चा का विषय बने रहते हैं। पीपली आचार्यान गांव की बहू सुंदर देवी पत्नी मनोहर कीर इसका एक उदाहरण बनकर सामने आई हैं। महज छह साल से अधिक के चुनावी सफर में सुंदर देवी ने सरपंच से जिला परिषद सदस्य और फिर जिला प्रमुख तक का सफर तय कर लिया। तीसरे चुनाव में जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के साथ ही उन्होंने अपने गांव पीपली आचार्यान को जिले की राजनीति में नई पहचान दिलाई है।
सुंदर देवी की चुनावी पारी की शुरुआत वर्ष 2020 में हुई, जब उन्होंने पहली बार ग्राम पंचायत पीपली आचार्यान से सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। वर्ष 2025 के बाद पंचायत चुनावों में अतिरिक्त समय मिलने के चलते उनका सरपंच कार्यकाल छह साल से अधिक हो गया। इसके बाद वर्ष 2026 में उन्होंने जिला परिषद के वार्ड संख्या 15 से चुनावी मैदान में उतरकर जीत हासिल की। जिला परिषद सदस्य बनने के बाद सुंदर देवी की राजनीतिक यात्रा को एक और बड़ा पड़ाव मिला। 25 नवंबर को हुए जिला प्रमुख के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की ओर से दावेदारी पेश की। पार्टी के जिला परिषद सदस्यों के संख्याबल और संगठनात्मक समीकरणों के बीच उन्हें जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया गया। चुनाव में कांग्रेस के 17 सदस्यों का समर्थन मिलने के बाद उन्होंने पांच मतों से जीत दर्ज कर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली।
सुंदर देवी की इस राजनीतिक सफलता के पीछे उनके पति मनोहर कीर की वर्षों की राजनीतिक सक्रियता भी अहम कड़ी मानी जा रही है। मनोहर कीर वर्ष 2015 से 2020 तक ग्राम पंचायत के सरपंच रहे। वे करीब 15 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में संगठन के साथ अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए हुए हैं। पार्टी में लंबे समय से सक्रियता और कांग्रेस नेताओं से बेहतर संबंधों के चलते सुंदर देवी को जिला परिषद सदस्य के चुनाव में टिकट मिलने का रास्ता बना। इसके बाद जिला परिषद में कांग्रेस के अधिक सदस्यों की मौजूदगी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता सीपी जोशी भी शामिल हैं, के साथ राजनीतिक समीकरणों के बीच उन्हें जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया गया।
सुंदर देवी के राजनीतिक सफर की खास बात यह है कि सरपंच, जिला परिषद सदस्य और जिला प्रमुख-तीनों चुनावी पड़ावों में उन्होंने सफलता हासिल की। स्थानीय स्तर की पंचायत राजनीति से निकलकर जिला स्तर के शीर्ष पद तक पहुंचना उनके राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। सुंदर देवी के जिला प्रमुख बनने की खबर से पीपली आचार्यान गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों के लिए यह गर्व का विषय है कि उनके गांव की बहू अब पूरे जिले के विकास और जिला परिषद की जिम्मेदारी संभालेंगी। अब सबकी निगाहें इस बात पर रहेंगी कि जिला प्रमुख के रूप में सुंदर देवी ग्रामीण विकास, पंचायतों की समस्याओं और जिले की प्राथमिकताओं को किस तरह आगे बढ़ाती हैं।