राजसमंद

राजसमंद: वार्ड पंच चुनाव में जीत के जश्न में एयरगन लहराना पड़ा भारी, हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

राजसमंद जिले में वार्ड पंच चुनाव जीत के जश्न में एयरगन लहराना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद राजसमंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 3:04 PM IST
rajsamand news
पुलिस की गिरफ्त में युवक (पत्रिका फोटो)

भीम (राजसमंद): वार्ड पंच चुनाव में जीत के जश्न के दौरान एयरगन लहराकर प्रदर्शन करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एयरगन भी बरामद की है। मामला भीम थाना क्षेत्र का है। यहां वार्ड पंच चुनाव में जीत के जश्न के दौरान एक युवक एयरगन लहराता हुआ दिखाई दिया था। वीडियो में युवक हथियार का प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहा था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से खुला मामला

पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारिक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष रंजन के निर्देशन में राजसमंद पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने वीडियो की जांच करते हुए आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम गठित की।

विशेष टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार

भीम पुलिस थाना अधिकारी आईदान सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चेतन सिंह पुत्र मदन सिंह रावत (32) निवासी आडू मगरा, कोटड़ा, थाना भीम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस की आमजन से अपील

राजसमंद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार या हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन नहीं करें। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो प्रसारित करने से भी बचें, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। पुलिस ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस कार्रवाई में पुलिस थाना अधिकारी आईदान सिंह रावत, सहायक उप निरीक्षक दिलीप कुमार, सोशल मीडिया सेल के कांस्टेबल रतन लाल, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, भारत सिंह, नवीन एवं चालक हंसराज शामिल रहे।

Updated on:
12 Nov 2026, 3:04 PM IST
Published on: