जिले में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर सभी संगठनों की ओर से कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दलित महारैली में सैकडों लोग शामिल हुए। सभी के हाथों में नीला झंडा जिसमें जय भीम लिखा था वह हाथ में लेकर चल रहे थे। रैली का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया।
राजसमंद. जिले में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इसके तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस-भाजपा सहित सभी संगठनों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में बाबा साहेब को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। जिला स्तरीय कार्यक्रम के तहत दलित स्वाभिमान महारैली निकाली गई। बालकृष्ण स्टेडियम में दलित व आदिवासी वर्ग के लोग एकत्र हुए। सभी क्षेत्रों से लोगों के एकत्र होने के बाद वरिष्ठ किशन कबीरा, अजाक जिलाध्यक्ष पी.के.बुनकर, संयुक्त दलित मंच संयोजक एस.एल.भाटी, अखिल भारतीय भीमसेना जिलाध्यक्ष सुरेशचन्द्र रेगर, दलित आदिवासी एकता परिषद जिलाध्यक्ष परसराम पोरवाड़ और भीम आर्मी भारत एकता मिशन जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार सालवी ने भीम पताका फहराकर महारैली को रवाना किया। रैली चौपाटी, जलचक्की, पुरानी कलक्ट्रेट, कलालवाटी होते हुए 100 फिट रोड़ अम्बेडकर सर्कल पहुंची। वहां सभी ने जयघोष के बीच डॉ. अम्बेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। वहां पर वक्ताओं ने डॉ. अम्बेडकर को याद कर सभी ने बाबा साहेब के आदर्श जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया। बाबा रामदेव सालवी समाज सेवा संस्थान की ओर से पेयजल व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में मिशन के जिला प्रभारी सुनील सालवी, उपाध्यक्ष मुकेश रेगर, चम्पालाल पंवार, डॉ.पी.सी.मझीवाल, डॉ. रमेश जैलिया, खेमराज, धर्मेश पंवार, जगदीशचन्द्र सालवी, लक्ष्मण सांवरिया, किशनलाल सालवी, उपाध्यक्ष अर्जुन लाल, पूर्व जिलाध्यक्ष लालूराम बैरवा तथा नारायण लाल पडिय़ार सहित कई लोग शामिल रहे। इसी प्रकार शिक्षक संघ अंबेडकर जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल करोतिया के नेतृत्व में शहर के विभिन्न चौराहे पर स्वागत द्वार लगाए गए एवं जलपान की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर संघ के सभापति शैलेश कनिक, महासचिव रघुवीर रांगेरा, कोषाध्यक्ष बालमुकंद यादव, प्रभारी सचिन कीर आदि उपस्थित रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिलाध्यक्ष हरिसिंह राठौड़ के नेतृत्व में अंबेडकर सर्कल पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर पीसीसी सदस्य शांतिलाल कोठारी, सभापति अशोक टाक, प्रवक्ता कुलदीप शर्मा, एससी जिलाध्यक्ष परसराम पोडवाड़, सुरेश रेगर, पार्षद हेमंत रजक उपस्थित रहे। माय भारत, नेहरू युवा केन्द्र की ओर से डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता, समानता एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिमूर्ति, भारतीय संविधान के शिल्पकार, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धा से याद किया। सहायक हनवंत सिंह चौहान ने, राष्ट्रीय युवा अवॉर्डी शंकरलाल गाडरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की ओर से अंबेडकर सर्कल पर प्रतिमा पर मल्यार्पण, नमन कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती अम्बेडकर सर्कल पर पुष्पांजलि अर्पित कर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री व सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर का तिरस्कार किया था। 1947 के बाद प्रथम बार हुए चुनावों में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रबल इच्छा थी कि चुनाव लड़े लेकिन जवाहर लाल नेहरु ने उनकी यह इच्छा पूरी नहीं होने दी और उनको चुनाव में टिकट नहीं दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने कहा कि हम सभी को बाबा साहब अम्बेडकर के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। संगोष्ठी के बाद नगर परिषद में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। संयोजक खुशकमल कुमावत ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, पूर्व विधायक बंशी लाल खटीक, पूर्व जिलाध्यक्ष मानसिंह बारहठ, महेश पालीवाल, महेंद्र सिंह चौहान, दिनेश कुमावत, हिम्मत कुमावत और अरविन्द भाटी सहित सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।