
खमनोर. छह सौ परिवारों का करीब 20 लाख रुपए की राशन सामग्री का गबन करने के मामले में खमनोर पुलिस ने जांच कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। साथ ही न्यायालय में पेश हुए दोनों राशन डीलरों को न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार खमनोर में दो उचित मूल्य दुकानों पर छह सौ परिवारों का करीब बीस लाख का गेहूं और केरोसिन गबन सामने आने के बाद रसद विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक द्वारा खमनोर थाने में अक्टूबर 2017 में दो राशन डीलरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। इस पर पुलिस ने राशन डीलर नरेश पुत्र भेरूलाल खटीक की दुकान पर 516 9 लीटर केरोसिन व 30 क्विंटल चीनी का गबन पाया गया है। इसी तरह राशन डीलर नानालाल पुत्र भेरूलाल माली की उचित मूल्य दुकान के स्टॉक में 9444 लीटर केरोसिन, 6 43 क्विंटल गेंहू व 31 क्विंटल चीनी कम पाई गई। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार गिरफ्तार करने की बजाय नोटिस देकर मंगलवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजसमन्द में आरोप पत्र पेश कर दिया। अदालत में प्रवर्तन निरीक्षक रणजीतसिंह के बयान सुनने के बाद अदालत ने दोनों राशन डीलरों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दे दिए।
आखिर कहां गई राशन सामग्री?
दो उचित मूल्य दुकानों पर बीस लाख की चीनी, गेहूं व केरोसिन का गबन सामने आ गया, मगर उचित मूल्य दुकान से पार कर राशन सामग्री किसे बेची। इसको लेकर पुलिस द्वारा विस्तृत जांच नहीं की गई, जिससे न तो गबन के माल का पता चल सका और न ही गरीबों की राशन सामग्री हजम करने वाले अन्य आरोपितों के बारे पता चल पाया है। इससे खमनोर थाना पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए।
न्यायालय में पेश की चार्जशीट
मामले में आरोपित राशन डीलरों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश की गई। अनुसंधान के दौरान किसी भी प्रकार की राशन सामग्री की जब्ती नहीं हुई।
पेशावर खान, थाना प्रभारी खमनोर