राजसमंद. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए खुशखबर है। अब उन्हें सस्ती दर पर राशन पाने के लिए मशक्कत से निजात मिलेगी। प्रत्येक पात्र परिवारों को उनके हक का राशन मिलेगा। बिना आधार और पहचान के भी उचित मूल्य की दुकान से राशन मिल पाएगा। इससे पूर्व आधार कार्ड का सत्यापन न होना, पहचान का न मिलना, बायोमैट्रिक मशीन (पोश मशीन) में सत्यापन नहीं होने और कमजोर मोबाइल नेटवर्क जैसी झंझटों से परेशान होना पड़ रहा था। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने इस सम्बंध में आदेश बुधवार को प्रदेश के समस्त जिला रसद अधिकारियों को जारी कर दिए। बड़ी बात यह कि उपभोक्ता जिले में किसी भी स्थान से उचित मूल्य दुकान से राशन ले सकेंगे। बशर्ते नाम खाद्य सुरक्षा सूची में जुड़ा हो। इससे पूर्व निवास स्थान या रजिस्टर्ड दुकान से ही राशन मिलता था। इससे कई परिवारों को अन्यत्र स्थान पर होने से इस लाभ से वंचित होना पड़ता था। मजदूरी, कारोबार, शिक्षा या अन्य किसी पारिवारिक कारणों के चलते मूल निवास से दूर निवासित लोगों को राहत मिलेगी।