रामपुर

‘मैं अभी जिंदा हूं’, जेल से छूटने के बाद आजम खान SP ऑफिस पहुंचे, बोले- मेरे साथ जो हुआ, बेहद बुरा हुआ

Azam Khan Rampur Return: जेल से रिहा होने के दूसरे दिन आजम खान रामपुर में सपा कार्यालय पहुंचे। जानिए क्या कुछ कहा...
4 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 6:42 PM IST
azam-khan
आजम खान (फोटो IANS/वीडियो ग्रैब)

Azam Khan Reaches Rampur SP Office: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान जेल से बाहर आने के दूसरे दिन गुरुवार शाम करीब 3:45 बजे रामपुर स्थित सपा के जिला कार्यालय पहुंचे। यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपने ऊपर हुए मुकदमों और बीते हालातों को लेकर दर्द बयां किया। आजम खान ने कहा कि, मेरे साथ जो भी हुआ, वह बेहद बुरा हुआ है। अब इससे बुरा और क्या हो सकता है। अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर आजम खान ने कहा कि 'मैं अभी जिंदा हूं।'

बता दें इससे पहले 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा होने के महज 40 मिनट बाद ही ED ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद से वे गाजियाबाद की डासना जेल में बंद थे। जमानत मिलने के बाद बुधवार को वे डासना जेल से रिहा हुए और रात करीब 10 बजे रामपुर पहुंचे।

रिक्शा चलाना मंजूर था, जेल जाना नहीं- आजम खान

आजम खान ने जेल में बिताए दिनों और अपने परिवार को हुई परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उन्हें पहले पता होता कि यूनिवर्सिटी बनाने की कोशिश के बदले ऐसे हालात का सामना करना पड़ेगा, तो शायद वह यह कदम नहीं उठाते। उन्होंने कहा, आजादी से बड़ी कोई नेमत और दौलत नहीं है। मैं सच कहता हूं कि रिक्शा चलाना बेहतर समझता, लेकिन जेल जाने के लिए तैयार नहीं होता। मैं अपनी औलादों से बीड़ियां बनवा लेता, लेकिन जेल की सजा नहीं भुगतता।

उन्होंने अपने बेटे के साथ जेल में बिताए समय को लेकर भी दर्द जाहिर किया। आजम ने कहा कि एक पिता को अपनी M.Tech पढ़ी-लिखी औलाद के साथ 5 साल तक लगातार तन्हाई में रहना पड़ा। कुछ लोग इसे अपनी शान समझते हैं कि एक ऐसे मुसलमान को परेशान करने से उनके वोट बढ़ जाएंगे, जिसने शिक्षा का मंदिर बनाया है।

ओवैसी पर भी जमकर साधा निशाना

सपा कार्यालय पहुंचे आजम खान ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हमारे इलाके में हैदराबादी बिरयानी को पसंद नहीं किया जाता। यहां के लोग पुलाव और मटन बिरयानी खाना पसंद करते हैं। ओवैसी पर टिप्पणी करते हुए आजम ने कहा कि वे एक बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं हैं। सिर्फ दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं बन जाता, ठीक वैसे ही जैसे दाढ़ी रखने से कोई साधु नहीं बन जाता। आजम खान ने कहा कि अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। आने वाले चुनाव धर्म और जाति के नाम पर नहीं होंगे, क्योंकि धर्म को धर्म वाले और मजहब को मजहब वाले ही नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब यह बात सभी की समझ में आने लगी है।

हमारे यहां पदों और शब्दों की अपनी गरिमा है

सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर आजम खान ने कहा कि हमारे यहां पदों और शब्दों की अपनी गरिमा और मर्यादा है। अखिलेश यादव 5 बार सांसद रहे हैं, मुख्यमंत्री के बेटे हैं और खुद भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसलिए हमारे यहां पदों और शब्दों का पूरा सम्मान किया जाता है।

'कांग्रेस अब पहले जैसी नहीं रही'

सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर आजम खान ने कहा कि यह पुरानी कांग्रेस नहीं है और आज की लीडरशिप अलग है। आजम खान ने कहा, देखिए भाई, मांगने के सिलसिले में हमने बचपन से एक कहावत सुनी है कि लाइसेंस तोप का मांगो, तो तमंचे का मिल जाएगा। उनका सम्मानजनक समझौता होगा, सम्मानजनक बंटवारा होगा और अगर हमें उन्हें कुछ ज्यादा भी देना पड़ा, तो यह कुर्बानी भी देंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर दोनों दलों के बीच कोई समझौता हुआ है, तो यह अच्छी बात है।

CBI की साख पर भी खड़े किए सवाल

आजम खान ने जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि सभी संवैधानिक संस्थाओं को अपनी लाज खुद रखनी चाहिए। सीबीआई की साख बहुत खराब हो चुकी है। एजेंसी को अपनी प्रतिष्ठा बचाकर रखनी चाहिए, क्योंकि इसकी वजह से दुनिया भर में देश की बदनामी हो रही है।

'पिछली बार लूटमार का चुनाव हुआ था'

चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए आजम ने कहा कि पिछला चुनाव पूरी तरह लूटमार का चुनाव था और वे खुद इसके सबसे बड़े भुक्तभोगी हैं। जब पहली बार रामपुर में लूट हुई थी, तब दरोगाओं ने तमंचे लेकर लोगों को दौड़ाया था। घरों के बाहर कुंडे लगा दिए गए थे और गलियों में पुलिस व पीएसी तैनात कर लोगों को वोट डालने से रोका गया था। उन्होंने कहा कि अगर उस समय इंडिया ब्लॉक ने एकजुट होकर इस मुद्दे को संजीदगी से लिया होता, तो आज कुंदरकी, संभल, हरियाणा और बंगाल के चुनाव परिणाम ऐसे नहीं आते। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन के नेताओं ने उस घटना को उतनी गंभीरता से नहीं लिया।

मेरी सदस्यता खत्म कर 15 दिन में चुनाव कराए गए

आजम खान ने कहा कि मुझ पर कई मुकदमे चले, जिनमें से एक हेट स्पीच का मामला था। इस मामले में मेरी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई। महज 48 घंटों के भीतर नए चुनाव की घोषणा कर दी गई और एक हफ्ते से 15 दिनों के बीच चुनाव भी करा लिया गया। जबकि मेरी अपील पर फैसला उसके 15 दिन बाद आया।

सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत, जेल से बाहर रहेंगे आजम

बता दें कि आजम खान को गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है और अभी वे जेल से बाहर ही रहेंगे। इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ ED ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। सुनवाई शुरू होने के 5 मिनट के भीतर ही सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि यह एक अंतरिम आदेश है, इसलिए हम इसमें दखल नहीं देना चाहते और हाईकोर्ट की टिप्पणी का अंतिम फैसले पर कोई असर नहीं पड़ेगा। दरअसल 17 नवंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम को अंतरिम जमानत देते हुए कहा था कि मामले की परिस्थितियां दिखाती हैं कि कार्रवाई गलत इरादे से की गई।