रामपुर

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की ED की याचिका; आजम खान जेल से बाहर ही रहेंगे, जौहर ट्रस्ट मामले में हाईकोर्ट से मिली थी जमानत

Azam Khan Latest News: सपा नेता आजम खान जेल से बाहर ही रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने जौहर ट्रस्ट मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उनकी अंतरिम जमानत के खिलाफ ED की याचिका खारिज कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 12:08 PM IST
Azam Khan, Supreme Court, ED Plea Dismissed, Jauhar University Case, UP Politics
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की ED की याचिका (PC: IANS)

Azam Khan Supreme Court Dismisses ED Plea: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उनकी अंतरिम जमानत बरकरार रहेगी। सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान की जमानत के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की याचिका खारिज कर दी है। इस फैसले के बाद आजम खान फिलहाल जेल से बाहर ही रहेंगे। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को आजम खान को जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत दी थी। ED ने हाईकोर्ट के इस फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी।

जौहर ट्रस्ट मामले में हाईकोर्ट से मिली थी जमानत

दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान को अंतरिम जमानत दे दी थी। हाईकोर्ट के इसी आदेश को चुनौती देते हुए ED ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने जांच एजेंसी की याचिका को खारिज करते हुए हाईकोर्ट से मिली राहत को बरकरार रखा है।

इससे पहले बुधवार को जब ED इस मामले में तुरंत सुनवाई की मांग लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंची थी तो अदालत ने सख्त नाराजगी जताई थी। CJI सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने ED को फटकार लगाते हुए कहा था कि इतनी जल्दी किस बात की है। आजम खान को जमानत पर रहने दीजिए, इससे कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा।

रिहाई पर रोक की मांग भी कोर्ट ने ठुकराई थी

सुनवाई के दौरान ED की ओर से पेश हुए वकील एएसजी एसवी राजू ने दलील दी थी कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यह आदेश जल्दबाजी में पारित किया है। उन्होंने कहा था कि एजेंसी को अपना पूरा जवाब दाखिल करने का पर्याप्त समय भी नहीं मिला और यह अंतरिम के बजाय अंतिम आदेश जैसा प्रतीत होता है। इसलिए मामले पर तुरंत सुनवाई होनी चाहिए। जब पीठ ने मामले को गुरुवार को सुनने की बात कही तो एएसजी राजू ने तब तक रिहाई पर रोक लगाने की मांग की थी। उनका तर्क था कि रोक न लगने पर आजम जेल से बाहर आ जाएंगे, लेकिन बेंच ने उनकी इस मांग को ठुकरा दिया था।

रामपुर में बंटी मिठाइयां, पत्नी बोलीं अल्लाह पर भरोसा था

बुधवार को जमानत मिलने की खुशी में आजम खान के घर पर समर्थकों के बीच मिठाइयां बांटी गई थीं। उनकी पत्नी तंजीन फातिमा ने कहा कि उन्हें शुरू से ही अल्लाह पर पूरा भरोसा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें नहीं चाहती थीं कि आजम खान जेल से बाहर आएं। बता दें कि इससे पहले जब आजम रामपुर जेल से रिहा होकर बाहर आए थे, तब ED ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। उस समय आजम खान ने आसमान की ओर हाथ उठाकर इशारे में कहा था कि, अल्लाह सब देख रहा है। अब करीब 1 साल बाद जेल से बाहर आए आजम खान को सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले ने बड़ी राहत दी है।