Highlights- सीतापुर जेल में बंद सांसद आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा के बाथरूम में फिसलकर गिरने से कंधा फ्रैक्चर - जेलर बोले- कंधे में चोट के चलते डॉक्टर ने प्लास्टर लगाया है, हालत में सुधार - रामपुर में सांसद आजम खान के समर्थकों ने तंजीन फातिमा के जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की
रामपुर. सीतापुर जेल में बंद सांसद आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा के बाथरूम में फिसलकर गिरने से कंधे में फ्रैक्चर हो गया है। बताया जा रहा है कि वह जेल के बाथरूम में फिसलकर गिर गई थी, जिससे उनके कंधे में फ्रैक्चर हो गया है। जिला अस्पताल में उपचार के बाद उनके कंधे पर प्लास्टर बांधा गया है। जेलर आरएस यादव ने बताया कि कंधे में चोट के चलते डॉक्टर ने प्लास्टर लगाया है। फिलहाल उनका स्वास्थ्य ठीक है। इधर, रामपुर में सांसद आजम खान के समर्थकों ने उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि सांसद आजम खान, विधायक तंजीन फातिमा और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम सीतापुर जेल में बंद हैं। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर के समय तंजीन फातिमा शौचालय गई थीं। जहां अचानक संतुलन खोने के चलते वह फिसकर नीचे गिर गईं। इस घटना की जानकारी मिलते जेल प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बन गई। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे जेल कर्मियों ने किसी तरह तंजीन फातिम को चोटिल अवस्था में बाथरूम से बाहर निकाला। उस दौरान उनको हल्का दर्द महसूस हो रहा था। इसलिए जेल के अस्पताल में ही इलाज किया गया। जब रात के समय दर्द बढ़ने लगा तो उन्हें जेल से जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां एक्सरे के बाद पता चला कि कंधा फ्रैक्चर हो गया है। इसके बाद उनके कंधे पर प्लास्टर किया गया। करीबन एक घंटे के इलाज के बाद उन्हें जिला अस्पताल से जेल लाया गया।
इस संबंध में जेलर आरएस यादव ने बताया कि बाथरूम में अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वृद्ध विधायक तंजीन फातिमा गिरी थीं। इनके कंधे में फैक्चर हुआ है। जिला अस्पताल में प्लास्टर कराया गया है। जहां से उपचार के बाद उन्हें महिला बैरिक में शिफ्ट कर दिया गया है। फिलहाल उनके स्वास्थ्य में सुधार है।