Highlights दो दिवसीय दौरे पर रामपुर आएंगे सपा अध्‍यक्ष Akhilesh Yadav कांग्रेस नेता फैसल लाला ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री को लिखा था पत्र अखिलेश यादव के दौरे का विरोध करते हुए रामपुर में दंगे की जताई है आशंका
रामपुर। 9 सिंतबर 2019 यानी सोमवार (आज) रामपुर काफी सुर्खियों में बना हुआ है। समाजवादी पार्टी ( Samajwadi Party ) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ( Akhilesh Yadav ) सोमवार को रामपुर पहुंच रहे हैं। वह यहां पर सांसद आजम खान से मुलाकात करेंगे। सपाइयों को यहां धरना-प्रदर्शन का भी कार्यक्रम है। वहीं, जनपद के कुछ कांग्रेसी नेताओं ने अखिलेश यादव के दौरे के विरोध का ऐलान किया है।
कांग्रेस कार्यालय पर हुई थी बैठक
कांग्रेस कार्यालय में रविवार को एक बैठक हुई। इसमें आजम खान से मिलने आ रहे अखिलेश यादव के विरोध को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुतीर्उरहमान खान बब्लू ने कहा कि अखिलेश यादव द्वारा मोहर्रम में माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। इसको लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के उपाध्यक्ष फैसल खान लाला ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने अखिलेश यादव के दौरे का विरोध करते हुए रामपुर में दंगे की आशंका जताई है। पत्र में उन्होंने अखिलेश यादव को रामपुर आने से रोकने की अपील की है।
कांग्रेस विधायक ने किया ट्वीट
वहीं, सोमवार को सुबह कांग्रेस विधायक एवं कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने एक ट्वीट कर राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया। उन्होंने लिखा, ये भ्रम फैलाया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रामपुर दौरे का विरोध किया है। यह पूरी तरह से गलत है। कांग्रेस को अखिलेश यादव के दौरे पर कोई आपत्ति नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी ट्वीट किया, फैसल लाला का आजम खान पर दिया गया बयान उनका निजी बयान है। इसका पार्टी से लेना देना नहीं। पार्टी के नाम और लेटरपैड का दुरुपयोग किया गया। इस मामले की जांच की जाएगी।