Ramapur News: यूपी के रामपुर में भाजपा का 47वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है और देशहित सर्वोपरि है।
BJP 47th Anniversary Ramapur: यूपी के रामपुर में सोमवार को ज्वाला नगर स्थित राम विहार में भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी का 47वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम गीत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व राज्यमंत्री शिव बहादुर सक्सेना ने की।
नकवी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा ही एक ऐसी राष्ट्रवादी पार्टी है, जिसमें देशहित सर्वोपरि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि स्थापना दिवस हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का दिवस है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन के मूल्यों और सेवा के प्रति समर्पित रहने की याद दिलाई।
कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने पूर्व राज्यमंत्री शिव बहादुर सक्सेना के हवाले से कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा के भाव से कार्य करता है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। सभी उपस्थित नेताओं ने पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने और राष्ट्र सेवा के संकल्प को दोहराया।
समापन समारोह में पार्टी का ध्वजारोहण किया गया और मिठाई वितरण किया गया। सभी ने राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जगपाल सिंह यादव ने किया।
कार्यक्रम के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने माल्यार्पण किया।
कृषि राज्य मंत्री ने कहा कि यह पावन अवसर हम सभी को सेवा, समर्पण और संगठन के मूल्यों के प्रति और अधिक निष्ठावान रहने की प्रेरणा देता है। हम ''राष्ट्र प्रथम'' के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए, देश को मजबूत और समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, पूर्व सांसद घनश्याम सिंह लोधी, पूर्व राज्यमंत्री शिव बहादुर सक्सेना, पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद गंगवार, ब्लॉक प्रमुख हरि बालाजी और अन्य कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।