
Rampur Crime News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मिलक खानम थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर कुमारिया कलां में दिनदहाड़े एक 30 साल के कारोबारी की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के समय मृतक अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाह कलां गांव के रहने वाले नवजोत सिंह की कुमारिया कलां में वॉशिंग हब की दुकान है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जबकि उसकी एक बहन कनाडा में नौकरी करती है। शाम करीब 5 बजे जब नवजोत अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक बदमाश वहां पहुंचे और उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस हमले में नवजोत को करीब 4 गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा परिजनों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बदमाशों की तलाश में कॉम्बिंग और पीछा किया, लेकिन आरोपी फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस घायल कारोबारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब एक साल पहले नवजोत ने 40 साल की एक महिला से लव मैरिज की थी। महिला के पति की तीन साल पहले मौत हो चुकी है और उनके दो बेटे हैं जो फिलहाल न्यूजीलैंड में नौकरी करते हैं। पुलिस इस एंगल के साथ-साथ अन्य सभी पहलुओं और पुरानी रंजिश को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
आपको बता दें कि बिलासपुर थाना क्षेत्र में शराब के ठेके के बाहर बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे आनन-फानन में सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक की पहचान सांगा फॉर्म निवासी संदीप चौहान उर्फ सनी के रूप में हुई है।