
रामपुर। आजम खान पर 48 घंटे का बैन लगाने को लेकर रामपुर में सपाई नाराज हैं। बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय में दर्जनों सपाई इकट्ठे हुए। वहां पर उन्होंने हाथ में काली पट्टी बांधकर चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस बीच उन्होंने प्रेसवार्ता में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए।
सपा कार्यालय में जमा हुए कार्यकर्ता
सपा कार्यालय में पार्टी जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार और नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने बताया कि रामपुर जिला प्रशासन की सैकड़ों से ज्यादा शिकायतें चुनाव आयोग को भेजी गईं। उन शिकायतों पर आयोग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। चुनाव आयोग बार-बार आजम खान की बोलती बंद कर रहा है, जबकि भाजपा वाले कैसे- कैसे शब्द बोल रहे हैं, उन पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। चुनाव आयोग को सिर्फ एक मुसलमान आजम खान दिख रहा है। उनके बयानों की आवाज आ रही है। आयोग बाकी नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
ये आरोप लगाए
सपा के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि अभी तक उन्हें प्रशासन पर भरोसा नहीं था, लेकिन जिस तरह से आजम खान के खिलाफ यह कार्रवाई हो रही है, उससे अब आयोग से भी विश्वास उठ गया है। नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने कहा कि चुनाव से पहले और चुनाव तक सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायत की। इसके अलावा राज्यसभा सांसद तंजीन फातिमा और बसपा प्रमुख मायावती समेत सैकड़ों सपाइयों ने शिकायतें कीं, लेकिन उन पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। वहीं, आजम खान पर बार-बार कार्रवाई की जा रही है।
चुनाव आयोग के खिलाफ प्रकट किया रोष
इस दौरान तमाम सपाइयों ने चुनाव आयोग के खिलाफ रोष पकट करते हुए कहा कि अब उन्हें किसी पर भरोसा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि उनके साथ ऐसा बर्ताव न किया जाए, जैसा इस बार के चुनाव में आजम खान के खिलाफ किया जा रहा है। आज तक ऐसा नहीं हुआ, जैसा आज हो रहा है। अभी तक यह बताया भी नहीं गया है कि किस बयान को लेकर बड़ी-बड़ी कार्रवाई की जा रही हैं। आजम खान ने कई बार यह बात कही है कि अगर मुसलमान इतना नापसंद है तो उसका वोट लेने का अधिकार ही छीन लो, ताकि उसे न लड़ने का मौका मिले और न ही वोट देने का।
UP lok sabha election Result 2019 से जुड़ी ताज़ा तरीन ख़बरों, LIVE अपडेट तथा चुनाव कार्यक्रम के लिए Download करें patrika Hindi News App