रामपुर

Rampur: वैवाहिक विवाद ने ली खून खराबे की शक्ल, रामपुर में ससुर की गोली मारकर हत्या, तीन लोग गंभीर घायल

Rampur Crime News: यूपी के रामपुर में दहेज विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दामाद ने ससुर को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, जबकि पत्नी और सास पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

2 min read
Aug 21, 2025
Rampur: वैवाहिक विवाद ने ली खून खराबे की शक्ल | Image Source - Unsplash

Son in law shoots father in law in Rampur: रामपुर जिले के मिलक थाना क्षेत्र के सिलई बड़ा गांव में बुधवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां दामाद ने ससुर की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि पत्नी और सास सहित तीन लोगों को फावड़े से घायल कर दिया। घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था और ससुराल पक्ष समझौते की कोशिश कर रहा था।

ये भी पढ़ें

UP Rains: यूपी में फिर बरसेगा मानसून का कहर! 21, 22, 23, 24, 25 और 26 अगस्त को फिर भारी बारिश की चेतावनी

विवाद सुलझाने पहुंचे थे मायके वाले

जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद निवासी अफसर अली अपनी पत्नी मुख्तरी, बहन शन्नो और बहनोई इस्लाम के साथ बेटी अरमाना और दामाद नदीम के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए रामपुर पहुंचे थे। लेकिन विवाद सुलझाने के बजाय मामला और बिगड़ गया। जैसे ही ससुराल पक्ष घर में घुसा, नदीम और उसके परिवार ने हमला बोल दिया।

गोली लगते ही ढेर हो गए अफसर अली

मुख्तरी ने बताया कि बहसबाजी के बीच अचानक नदीम ने पिस्टल निकाल ली और अपने ससुर अफसर अली के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही अफसर अली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आरोपी ने फावड़े से पत्नी अरमाना, सास मुख्तरी और अन्य पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

शव के पास बैठा रहा आरोपी दामाद

घटना के बाद नदीम का पूरा परिवार फरार हो गया, लेकिन खुद आरोपी शव के पास ही बैठा रहा। इतना ही नहीं, वह एम्बुलेंस में घायलों और शव के साथ अस्पताल भी पहुंचा। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

शादी के बाद से विवादों का सिलसिला

मुख्तरी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि पांच साल पहले बेटी अरमाना की शादी नदीम से की थी। शादी के शुरुआती दिनों में सबकुछ ठीक था, लेकिन जल्द ही दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया। नदीम अक्सर पत्नी को पीटता था। ससुराल की महिलाएं भी मारपीट करती थीं। तीन साल से अरमाना मायके में रह रही थी। हालांकि, इसी साल अप्रैल में पंचायत और पुलिस की मध्यस्थता से नदीम उसे दोबारा अपने घर ले गया, मगर जल्द ही विवाद फिर बढ़ गया।

दूसरी शादी से बढ़ा विवाद

पीड़िता अरमाना ने बताया कि नदीम की दिल्ली में एक दुकान है, जहां वह अधिकतर रहता है। वहीं उसने दूसरी शादी भी कर ली थी। इसी कारण वह पहली पत्नी से अक्सर मारपीट करता था। पारिवारिक कलह इतनी बढ़ी कि मामला खून-खराबे तक पहुंच गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मिलक कोतवाली प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच दहेज प्रताड़ना को लेकर पहले से मुकदमा चल रहा था। बुधवार शाम विवाद के दौरान गोली चलने से अफसर अली की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Also Read
View All

अगली खबर