रामपुर

आजम खान के ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ को लेकर सपा नेता का बड़ा बयान, जौहर यूनिवर्सिटी पर क्या बोले अमीक जामेई

Samajwadi Party Spokesperson Ameeque Jamei: रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को गिराने आदेश जारी होने के बाद सपा के प्रवक्ता अमीक जामेई ने योगी सरकार तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि डायनामाइट का इस्तेमाल कर पूरे कैंपस को ही उड़ा देना चाहिए।
2 min read
Jul 16, 2026
Azam Khan
वरिष्ठ सपा नेता आजम खान (फाइल फोटो- पत्रिका)

Azam Khan Jauhar University: रामपुर स्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में घमासान मच गया है। रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की ओर से यूनिवर्सिटी परिसर की 38 इमारतों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में 38 इमारतों को गिराने के यूपी सरकार के आदेश के बाद समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अमीक जामेई ने कहा कि लोग बुलडोजर की कार्रवाई से तंग आ चुके हैं, इसकी जगह उन्हें डायनामाइट का इस्तेमाल करके पूरे कैंपस को ही बम से उड़ा देना चाहिए।

'जब धर्म का मंदिर नहीं बच सका तो शिक्षा के मंदिर का क्या महत्व'

अमीक जामेई ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'सुनने में आया है कि 38 इमारतों को गिराने का आदेश आया है। हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहना चाहते हैं कि बुलडोजर की कार्रवाई से लोग थक चुके हैं। आप डायनामाइट लगाकर पूरी यूनिवर्सिटी को ही उड़ा दीजिए। या एयर फोर्स का इस्तेमाल करके भी कैंपस को उड़ाया जा सकता है। आप न तो धर्म का मंदिर छोड़ रहे हैं, न ही शिक्षा का मंदिर। धर्म का मंदिर लूट चुका है और अब शिक्षा का मंदिर भी लूटने जा रहा है। जब धर्म का मंदिर नहीं बच सका तो शिक्षा के मंदिर का क्या महत्व है?' उन्होंने कहा कि मठ के जितने भी नक्शे हैं, उनको ठीक करवा लीजिए। जितनी बिल्डिंग्स हैं, उनको ठीक करवा लीजिए। अपने विधायकों की एक बैठक बुलाइए। जहां-जहां पर भी उनकी प्रॉपर्टी है, उसका नक्शा और जितनी भी बड़ी-बड़ी इमारतें हैं, उन सभी को ठीक करवा दीजिए।

बीजेपी शिक्षा को भी सांप्रदायिक नजरिए से देखती है: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। इस कार्रवाई को लेकर उन्होंने कहा कि बीजेपी शिक्षा को भी सांप्रदायिक नजरिए से देखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, शिक्षक, शिक्षार्थी और पढ़ाई के बाद मिलने वाली नौकरी भाजपा के एजेंडे में नहीं है। भाजपा अपने अनरजिस्टर्ड संगी-साथियों के अवैधानिक भवनों को कब ढहाएगी? जब संगी-साथी ही अपंजीकृत है, तो उनके भवन, कार्यालय, संस्थान कैसे जायज होंगे?

Updated on:
16 Jul 2026 06:16 pm
Published on:
16 Jul 2026 05:18 pm