
Stundent Protest: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर शुरू हुआ आंदोलन खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा। शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार की 5 सदस्यीय कमेटी और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बातचीत हुई, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकल सका। हालांकि, गतिरोध दूर करने के लिए आज फिर से बातचीत होगी।
दूसरी ओर, छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में 9 अगस्त को एक दिन के निर्जला अनशन का ऐलान कर दिया है।
शनिवार को सरकार द्वारा गठित 5 सदस्यीय कमेटी ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र नाथ महतो के गुट के अलावा NSUI, आदिवासी छात्र संघ और झारखंड छात्र मोर्चा के प्रतिनिधियों से अलग-अलग बात की। करीब 2 घंटे चली इस बैठक में छात्रों ने परीक्षा रद्द करने की अपनी मांग दोहराई। बैठक के बाद कमेटी के सदस्य और राज्य के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और वे इन्हें मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे।
कमेटी की सदस्य और मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि छात्र संगठनों की मांगों के बारे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जानकारी दे दी गई है। सीएम के साथ हुई चर्चा के बाद तय हुआ है कि मामले का हल निकालने के लिए आज दोपहर 12 बजे छात्र प्रतिनिधियों से अंतिम दौर की बातचीत की जाएगी।
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र पिछले 15 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत लगातार गिर रही है। शनिवार को उनके अनशन का 7वां दिन था। लगातार भूख हड़ताल के कारण उनका स्वास्थ्य तेजी से गिर रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि उनका बीपी और शुगर लेवल काफी कम हो गया है तथा सीने में इंफेक्शन की शिकायत मिली है। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है, लेकिन वे मांगें पूरी होने तक हटने को तैयार नहीं हैं।
छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए जेएलकेएम विधायक जयराम महतो ने घोषणा की है कि वे रविवार सुबह 6 बजे से रांची के पुराने विधानसभा परिसर में एक दिन का निर्जला अनशन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता बहाल नहीं होती और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी।