रतलाम

रतलाम अस्पताल में 55 दिन की जंग के बाद नन्ही सांसों की जीत

1.1 किलो का नवजात स्वस्थ होकर लौटा घर, कलेक्टर ने एसएनसीयू में माताओं से जाना बच्चों का हाल, समय पर टीकाकरण के दिए निर्देश, नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह और सांस अभियान शुरू
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 10:03 PM IST
Ratlam District Hospital news
1.1 किलो का नवजात स्वस्थ होकर लौटा घर, कलेक्टर ने एसएनसीयू में माताओं से जाना बच्चों का हाल, समय पर टीकाकरण के दिए निर्देश, नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह और सांस अभियान शुरू

रतलाम। समय से पहले जन्म, महज 1.1 किलो वजन और सांस लेने में परेशानी… जिंदगी की शुरुआत में ही कई चुनौतियों से जूझ रहे एक नवजात ने आखिरकार 55 दिन के संघर्ष के बाद जिंदगी की जंग जीत ली।

जिला चिकित्सालय की एसएनसीयू में बेहतर उपचार और मां की ममता ने नन्हे शिशु को नई जिंदगी दी। सोमवार को नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह एवं सांस अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने अपने हाथों से शिशु को डिस्चार्ज कार्ड सौंपा। स्वस्थ बच्चे को गोद में लेकर घर लौटने की खुशी माता-पिता के चेहरे पर साफ नजर आई।

23 सितंबर को हुआ था समय से पहले जन्म

लालगुड़ी, थाना डीडी नगर निवासी मैना और राजू के घर 23 सितंबर को शिशु का जन्म हुआ था। गर्भावस्था के 30 सप्ताह में जन्म लेने के कारण बच्चे का वजन महज 1.1 किलो था। उसे सांस लेने में परेशानी और एनीमिया की समस्या भी थी। स्थिति को देखते हुए तत्काल एसएनसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

ब्लड ट्रांसफ्यूजन भी करना पड़ा

11 दिन तक सीपीएपी मशीन के माध्यम से सांस लेने में मदद दी गई। एनीमिया के उपचार के लिए ब्लड ट्रांसफ्यूजन भी करना पड़ा। इस दौरान मां ने करीब 30 दिन तक कंगारू मदर केयर के जरिए बच्चे की देखभाल की। चिकित्सकीय टीम की सतत निगरानी और उपचार से बच्चे का वजन बढकऱ 1.4 किलो हो गया। 55 दिन बाद उसे स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दी गई।

मां की ममता और डॉक्टरों की मेहनत लाई रंग

सिविल सर्जन डॉ. एपी सिंह के मार्गदर्शन में एसएनसीयू प्रभारी डॉ. प्रतीक आर्य और उनकी टीम ने बच्चे का उपचार किया। कलेक्टर ने चिकित्सकीय टीम के प्रयासों की सराहना की। परिजनों ने भी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताया।

बच्चों को निमोनिया से बचाने चलेगा तीन माह का अभियान

  • नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह 15 से 21 नवंबर तक मनाया जाएगा।
  • सांस अभियान 12 नवंबर से 18 फरवरी तक संचालित होगा।
  • शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया सहित अन्य बीमारियों से बचाने के लिए जागरूकता गतिविधियां होंगी।
  • सामुदायिक और संस्थागत स्तर पर बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।ृ- अभिभावकों को समय पर टीकाकरण और बच्चों की उचित देखभाल के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कलेक्टर ने किया अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण

जिला अस्पताल की मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह एवं सांस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और एसएनसीयू में भर्ती बच्चों की माताओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवजात और पांच वर्ष तक के बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में संसाधनों की कमी आड़े नहीं आनी चाहिए। आवश्यक उपकरणों और संसाधनों के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि रेडक्रॉस सहित अन्य माध्यमों से व्यवस्था की जा सके। इस दौरान विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, रोगी कल्याण समिति सदस्य हेमंत राहोरी, सीएमएचओ डॉ. किरण वाडीवा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Updated on:
16 Nov 2026, 10:03 PM IST
Published on: