रतलाम

मंदसौर में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पकड़ा गया रतलाम के वृद्ध से ठगी करने वाला आरोपी

किश्त जमा कराने के बहाने एक लाख एक हजार 700 रुपए लेकर हो गया था फरार, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तारी, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 10:22 PM IST
Feature image
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Janani)

रतलाम। दीपावली पर्व के दौरान एक वृद्ध को विश्वास में लेकर एक लाख एक हजार 700 रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को मंदसौर की कोतवाली पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। मामले में एक अन्य आरोपी भी शामिल है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को ग्राम पिंगराला, जिला रतलाम निवासी 70 वर्षीय जगदीश कुमावत ट्रैक्टर की फाइनेंस किश्त जमा कराने के लिए एक लाख एक हजार 700 रुपए लेकर मंदसौर आए थे। पुलिस पेट्रोल पंप के पास उतरने पर एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचा। उसने वृद्ध के पैर छूकर बातचीत शुरू की और विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद किश्त जमा कराने के बहाने उन्हें अपने साथ ले गया।


आरोपी बुजुर्ग को बैठाकर नकदी लेकर फरार

बैंक के बाहर रुपये जमा कराने की बात कहकर आरोपी बुजुर्ग को बैठाकर नकदी लेकर फरार हो गया। शिकायत पर कोतवाली थाने में धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर किशनलाल (28), निवासी चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को 17 नवंबर को गिरफ्तार किया गया।

वारदात करना स्वीकार किया

पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य साथी के साथ वारदात करना स्वीकार किया। ठगी की राशि प्रतापगढ़ जिले की ई-मित्र कियोस्क शाखा से अपने बैंक खाते में जमा कराने की जानकारी भी दी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। अब राशि की बरामदगी और दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


टीम की सराहनीय भूमिका


कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल और नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक विजय पुरोहित सहित कोतवाली पुलिस और सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Updated on:
18 Nov 2026, 10:22 PM IST
Published on: