17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रतलाम के आलोट में वर्षों का संघर्ष रंग लाया, विक्रमगढ़ फाटक पर बनेगा ओवरब्रिज

आगामी 21 नवंबर को सांसद अनिल फिरोजिया करेंगे निर्माण कार्य का भूमि पूजन, जाम से मुक्ति के लिए क्षेत्रवासियों की लंबी लड़ाई अब परिणाम की ओर
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रतलाम

•

image

Ashish Pathak

•

Updated: 17 Nov 2026, 10:29 PM IST

ratlam alot latest news

विक्रमगढ़ फाटक पर बनेगा ओवरब्रिज

रतलाम। वर्षों तक ज्ञापन दिए, आंदोलन किए, आलोट-विक्रमगढ़ बंद कराया और रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम के खिलाफ सड़क से अखबार तक आवाज बुलंद की। विक्रमगढ़ रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों का लंबा संघर्ष अब मुकाम तक पहुंचता नजर आ रहा है। दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग के गेट नंबर 21 पर बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज का 21 नवंबर को भूमि पूजन होगा। सांसद अनिल फिरोजिया इसकी आधारशिला रखेंगे। वर्षों से जाम में फंसने की मजबूरी झेल रहे हजारों लोगों के लिए यह दिन संघर्ष की सफलता की नई शुरुआत बनेगा।

वर्षों से रेलवे फाटक पर ट्रेनों के गुजरने का इंतजार और जाम में फंसे रहने की मजबूरी अब खत्म होने की उम्मीद जगी है। दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर आलोट अनुभाग के विक्रमगढ़ रेलवे फाटक (गेट नंबर 21) पर बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठने जा रहा है। 21 नवंबर को सांसद अनिल फिरोजिया ओवरब्रिज का भूमि पूजन करेंगे। इस परियोजना के लिए क्षेत्रवासियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया। जनआंदोलन, ज्ञापन और लगातार उठती मांग के बीच राजस्थान पत्रिका ने भी इस जनसमस्या को प्रमुखता से प्रकाशित कर जिम्मेदारों का ध्यान आकर्षित किया।

फाटक बंद होते ही थम जाती थी जिंदगी

विक्रमगढ़ रेलवे फाटक पर ट्रेनों की आवाजाही के कारण बार-बार आवागमन बाधित होता था। फाटक बंद होते ही दोनों ओर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं। स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में देरी होती तो नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों का समय जाम में गुजरता था। सबसे गंभीर स्थिति मरीजों को लेकर गुजरने वाले वाहनों की होती थी। कई बार जरूरी काम से निकले लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। इस परेशानी का स्थायी समाधान ओवरब्रिज निर्माण को ही माना जा रहा था।

आंदोलन, ज्ञापन और बंद से बुलंद की आवाज

ओवरब्रिज की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों और ओवरब्रिज बनाओ संघर्ष समिति ने लंबे समय तक संघर्ष किया। ज्ञापन देने से लेकर आंदोलन और आलोट-विक्रमगढ़ बंद तक के कदम उठाए गए। हर स्तर पर जिम्मेदारों का ध्यान इस समस्या की ओर खींचने का प्रयास हुआ। राजस्थान पत्रिका ने भी फाटक पर लगने वाले जाम, आमजन की परेशानी और ओवरब्रिज की जरूरत को लेकर लगातार समाचार प्रकाशित किए। जनहित से जुड़े इस मुद्दे को प्रमुखता मिलने के साथ क्षेत्रवासियों की मांग लगातार बुलंद होती रही।

तैयारियों का लिया जायजा, लोगों से की अपील

21 नवंबर को प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रेलवे समिति सदस्य नंदनराज जैन, मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह डोडिया, संघर्ष समिति के राकेश पोरवाल, भूपेंद्र सिंह सोलंकी, डॉ. देवेंद्र विशाल राघवेंद्र सिंह सोलंकी सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं पर चर्चा कर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

अब जाम से मुक्ति की उम्मीद

विक्रमगढ़ रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज की मांग वर्षों से क्षेत्रवासियों के संघर्ष का विषय रही है। 21 नवंबर को होने वाला भूमि पूजन इस लंबे इंतजार के बाद निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत होगा। ओवरब्रिज बनने से रेलवे फाटक पर बार-बार रुकने की मजबूरी खत्म होगी और क्षेत्र के लोगों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य की गति पर टिकी हैं।