रतलाम

असामाजिक तत्वों ने तोड़े सीसीटीवी कैमरे, लाइट और नल

सागोद रोड स्थित उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में बीती रात अज्ञात बाहरी तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। बदमाशों ने स्कूल परिसर में लगे हेलोजन लाइट, सीसीटीवी कैमरे, विद्यालय गेट एवं कैंटीन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
2 min read
Sep 12, 2026
ratlam news
टूटी लाइट और वाश बेसिन का नल

रतलाम। सागोद रोड स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में बीती रात अज्ञात बाहरी तत्वों तोड़फोड़ कर काफी नुकसान पहुंचाया। शनिवार को यह घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने विद्यालय परिसर में लगी हेलोजन लाइट को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही विद्यालय के गेट, सीसीटीवी कैमरों तथा कैंटीन में लगे नल, वॉश बेसिन आदि को भी नुकसान पहुंचाया है। शनिवार की सुबह स्कूल पहुंचे स्टॉफ को इसकी जानकारी लगी।

घटना की जानकारी विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ को शनिवार की सुबह विद्यालय पहुंचने पर मिली। विद्यालय परिसर में बाहरी और असमाजिक प्रवेश कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना को विद्यालय प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है तथा संबंधित अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया है।

उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमावत ने कहा कि विद्यालय की संपत्ति विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी है। इस प्रकार की घटनाओं से न केवल शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, बल्कि विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं एवं सुरक्षित परिसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाना जरूरी है।

विद्यालय प्रबंधन ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की गंभीरता से जांच कर तोड़फोड़ करने वाले अज्ञात व्यक्तियों की पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय रतलाम विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक संसाधन, स्मार्ट कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, आईसीटी सुविधाएं, खेल एवं विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास का अवसर उपलब्ध करा रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना से विद्यालय की नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी तथा विद्यार्थियों के हित और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

Updated on:
12 Sept 2026 08:50 pm
Published on:
12 Sept 2026 08:49 pm