रतलाम

तीन माह का गेहूं एक साथ, चावल फिर भी नहीं मिला

सरकारी व्यवस्था उचित मूल्य दुकानों पर अव्यवस्थाएं, पात्र जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाले मुफ्त राशन में भी आना-कानी, शिकायतों के बावजूद नहीं देते जिम्मेदार ध्यान
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 10:37 PM IST
Ration Distribution System ratlam news
सरकारी व्यवस्था उचित मूल्य दुकानों पर अव्यवस्थाएं, पात्र जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाले मुफ्त राशन में भी आना-कानी, शिकायतों के बावजूद नहीं देते जिम्मेदार ध्यान

रतलाम। जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने की सरकारी व्यवस्था उचित मूल्य दुकानों पर अव्यवस्थाओं के चलते परेशानी का सबब बन रही है। कहीं पात्र हितग्राहियों को दो से तीन माह का गेहूं एक साथ थमाया जा रहा है तो कहीं चावल के लिए बार-बार चक्कर लगवाए जा रहे हैं। सवाल ये उठ रहे है कि पात्र परिवारों को समय पर पूरा राशन आखिर कब मिलेगा।

पत्रिका टीम शनिवार ने बाजना बस स्टैंड स्थित आयुषी आदर्श प्राथमिक उपभोक्ता सहकारी भंडार पहुंची तो राशन लेने वालों की भीड़ लगी थी। हितग्राहियों ने बताया कि दो से तीन माह का गेहूं एक साथ दिया जा रहा है, जबकि चावल यह कहकर नहीं दिए जा रहे कि अभी उपलब्ध नहीं हैं। वितरक अकरम का कहना था कि सभी को राशन दिया जा रहा है, भले ही वितरण में देरी हो रही है।

क्या कहते पात्र हितग्राही

कमलदास के नाम के राशन कार्ड पर राशन लेने आई महिला ने बताया कि एक दिन पहले इंट्री कर दी थी, लेकिन अब तक राशन नहीं मिला। अगले दिन फिर लाइन में लगना पड़ा। दो-तीन चक्कर लगा चुके हैं। मंजू ने बताया कि पिछले माह की इंट्री का राशन अब तक नहीं मिला, इस माह का अनाज मिला है, लेकिन चावल फिर भी बाकी हैं।

इस माह का गेहूं-चावल नहीं मिला

ईश्वरनगर की कांचीबाई ने बताया कि पिछले माह का गेहूं मिला, इस माह का अभी नहीं दिया और चावल के लिए बाद में आने को कहा है।

तीन माह का एक साथ ले जा रहा

ओसवाल नगर के विनोद देवड़ा ने बताया कि तीन माह का गेहूं एक साथ ले जा रहे हैं। कभी लंबी कतार तो कभी राशन खत्म होने से नहीं मिला।

ये भी लग रहे आरोप

राशन वितरण में देरी और अधूरे अनाज से कार्डधारियों को खासी परेशानी उठाना पड़ रही है। कुछ सेल्समैनों पर पात्र कार्डधारियों ने आरोप लगाया कि वे अपने नजदीक की उचित मूल्य की दुकान पर जाते हैं तो उन्हे राशन के लिए मना कर दिया जाता है कि जहां से ले रहे हों वहीं से लो, जबकि यहां भीड़ अधिक लगती हैं, राशन समय पर नहीं मिलता हैं। इसलिए परेशान होना पड़ता हैं।

Updated on:
22 Nov 2026, 10:37 PM IST
Published on: