
रतलाम. महू-नीमच रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 11.15 बजे दो अज्ञात बदमाशों ने नकदी कलेक्शन कर कार से लौट रहे इंदौर के व्यापारी हर्षित पिता नरेंद्र चंदाना सिंधी निवासी बैराटी कॉलोनी दशमिश गुरुद्वारा के पास का बैग लूट लिया।
कंफेक्शनरी मार्केटिंग का काम
व्यापारी कंफेक्शनरी मार्केटिंग का काम करता है और वह राशि का कलेक्शन करके ला रहा था। उनके बैग में 8,15,510 रुपए नकद और कागज रखे थे। वारदात में व्यापारी और उसके ड्राइवर को चोटें भी आईं। सूचना मिलने के बाद रात में ही एसपी अमित कुमार, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तब तक बदमाश भाग चुके थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बदमाश इस कार का मंदसौर से ही पीछा करते हुए आ रहे थे। मौका पाते ही उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया।
ऐसे हुआ पूरा घटनाक्रम
व्यापारी हर्षित के अनुसार 17 नवंबर सुबह इंदौर से रतलाम के लिए निकले। रतलाम में दुकानदारों से कैश कलेक्शन कर नीमच गए। यहां कलेक्शन कर रात में मंदसौर पहुंचे। रास्ते में मक्खन के ढाबे पर खाना खाया। रात में मंदसौर में बसेरा होटल में विश्राम किया। 18 नवंबर सुबह करीब 11 बजे मंदसौर में दुकानदारों से कलेक्शन कर मंदसौर से इंदौर के लिए निकले। जावरा में एक होटल में व्यापारी दोस्तों के साथ खाना खाकर रात में इंदौर के लिए निकले। रतलाम के पास महिंद्रा शोरूम के सामने रात करीब 11.15 बजे लघुशंका करने के लिए रुके थे।
पीछे से बाइक पर दो बदमाश आए
पुलिस को दी रिपोर्ट के मुताबिक वे लघुशंका कर रहे थे कि इसी दौरान दो बदमाश बाइक से आए। दोनों बदमाश गाड़ी के पास आकर रुके और गाड़ी में रखा बैग निकालकर भागने लगे। फरियादी ने भागकर उन्हें पकड़ा। बैग के लिए छीना-झपटी होने लगी। तभी ड्राइवर भी आ गया, उसके साथ भी छीना-झपटी हुई। फरियादी ने पैसे वाला बैग छीनकर अपनी कार में रख लिया था।
वापस लौट कर आए बदमाश
व्यापारी और उसके चालक ने बदमाशों से बैग छीनकर अपनी कार में रखा तो भाग रहे दोनों बदमाश फिर से दौडक़र आए और पत्थर से कार का कांच फोडक़र उसमें रखा पैसे का बैग लेकर भाग गए। छीना-झपटी में फरियादी के सिर, हाथ व पैरों में चोट लगी। ड्राइवर को बाये पैर व सिर में चोट लगी है। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।