
Ratlam Chaddi Baniyan Gang Arrested: मध्यप्रदेश की रतलाम पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गुजरात के दाहोद जिले के जैसावाड़ा थाना क्षेत्र से चड्डी-बनियान गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का माल खरीदने के आरोप में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब आठ महीने से रतलाम की अलग-अलग कॉलोनियों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों से 1 किलो 200 ग्राम चांदी के आभूषण, 40 ग्राम सोने के आभूषण और 9 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को गुजरात के दाहोद जिले के जैसावाड़ा थाना क्षेत्र के कुछ लोगों की संलिप्तता की सूचना मिली। मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की और कालू पिता भीमा और नभला पिता भीमा को हिरासत में लिया। इसके बाद मालाभाई पिता जोटाभाई मावी को भी पकड़ा गया। पुलिस ने चोरी की वारदातों में कथित संलिप्तता के आरोप में इन तीनों को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी का माल मणिशंकर उर्फ पोपटलाल पांचाल को बेचने की जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने 74 वर्षीय मणिशंकर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर समूह बनाकर चोरी करते थे और वारदात के दौरान चड्डी-बनियान पहने रहते थे। पुलिस आरोपियों को दो दिन की रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ कर रही है। आरोपियों से पूछताछ में चोरी की और वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार, आरोपियो का एक साथी संजयभाई पिता दलसिंह मावी निवासी वाडवा, थाना जैसावाड़ा, जिला दाहोद अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।