
Alot Government Hospital :मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के प्रमुख शहर आलोट नगर में स्थित शासकीय अस्पताल में सोमवार रात हुई मारपीट की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ड्यूटी पर तैनात बीएमओ डॉ. देवेंद्र मौर्य पर हुए हमले को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नगर के इतिहास में इसे उन शर्मनाक घटनाओं में गिना जा रहा है, जिसने स्वास्थ्य सेवाओं की सुरक्षा और सम्मान दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब 11 बजे अस्पताल में ड्यूटी कर रहे डॉ. मौर्य पर दो से तीन युवकों ने हमला कर दिया। मारपीट में उन्हें चेहरे पर चोटें आईं। पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मनोज पाटीदार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। वहीं पार्षद पवन शर्मा भी अस्पताल पहुंचे तथा चिकित्सकों और कर्मचारियों से चर्चा की।
आलोट क्षेत्र वर्षों से चिकित्सकों की कमी से जूझ रहा है। कई बार पद स्वीकृत होने के बावजूद डॉक्टर यहां पदस्थापना लेने से कतराते रहे हैं। ऐसे में जब मरीजों की सेवा में लगे एक वरिष्ठ चिकित्सक और ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी के साथ अस्पताल परिसर में ही मारपीट की घटना सामने आती है तो ये सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र के लिए चिंता का विषय बन जाता है।
इलाके के लोगों का कहना है कि, ग्रामीण अंचल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है। बड़ी मुश्किल से चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ रही है, लेकिन अगर डॉक्टरों को ही सुरक्षित माहौल नहीं मिलेगा तो भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना और सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।
घटना के बाद अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि, चिकित्सक दिन-रात मरीजों की सेवा में लगे रहते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान उन पर हमला होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
घटना के फुटेज सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और जांच में जुटी हुई है।