
Ratlam DRI Drug Seizure: मध्यप्रदेश के रतलाम रेलवे स्टेशन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाईजीरियाई युवती को 1.6 करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ पकड़ा है। युवती अपने सामान में ड्रग्स को छिपाकर ट्रेन से दिल्ली से मुंबई लेकर जा रही थी। राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों को मुखबिर से ड्रग्स तस्करी की सूचना मिली थी और उस पर रतलाम रेलवे स्टेशन पर उक्त युवती को ड्रग्स के साथ पकड़ा गया है।
राजस्व खुफिया निदेशालय के दल ने रतलाम रेलवे स्टेशन पर दिल्ली से मुंबई जा रही ट्रेन में सवार एक नाइजीरियाई युवती के पास से करीब 1.6 करोड़ रुपए की 2 किलो एम्फेटामाइन जब्त की है। अधिकारियों को खास जानकारी मिली थी कि नई दिल्ली से मुंबई जाने वाली ट्रेन में एक महिला ड्रग तस्कर अपने सामान में ड्रग्स लेकर जा रही है। इस जानकारी के आधार पर, अधिकारियों ने रतलाम रेलवे स्टेशन पर नाइजीरियाई ड्रग तस्कर की पहचान की और उसे रोका व सामान की तलाशी ली तो ड्रग्स बरामद हुई।
अधिकारियों के मुताबिक महिला यात्री के ट्रॉली बैग की बारीकी से जांच करने पर एक छिपी हुई जगह (कैविटी) का पता चला। उस कैविटी से भूरे रंग का एक प्लास्टिक पैकेट मिला। पैकेट में सफेद रंग का क्रिस्टल जैसा पदार्थ था, जिसकी फील्ड-टेस्टिंग किट से जांच करने पर उसमें एम्फेटामाइन जैसा पदार्थ होने की पुष्टि हुई। बरामद किए गए 1.6 करोड़ रुपए मूल्य के 2 किलोग्राम ड्रग्स को जब्त कर लिया गया है और नाइजीरियाई ड्रग तस्कर को एनडीपीएस एक्ट 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल अधिकारियों ने महिला यात्री की पहचान उजागर नहीं की है और उससे पूछताछ करने की बात कही है। उम्मीद जताई जा रही है कि ड्रग्स के साथ पकड़ाई युवती से पूछताछ में ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
एम्फेटामाइन एक शक्तिशाली और उत्तेजक ड्रग है, इसके अत्यधिक नशे की लत के कारण दुनिया भर में इसकी बड़े पैमाने पर अवैध तस्करी की जाती है। हाल ही में दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक कार से महाराष्ट्र के जलगांव में लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य का 39 किलोग्राम प्रतिबंधित एम्फेटामाइन जब्त किया गया था।