
Ratlam Ganesh Visarjan Accident: मध्यप्रदेश के रतलाम में शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान करमदी स्थित सूरजमल जैन तालाब में 18 वर्षीय युवक महेश गरवाल की डूबने से मौत हो गई। उसके अन्य दोस्त भी साथ थे, दोस्त किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया लेकिन महेश गहरे पानी में डूब गया। मृतक के दोस्त ने बताया कि दोनों का पैर फिसल गया था और वो गहरे पानी में पहुंच गए, उसने महेश को बचाने की कोशिश भी की लेकिन सफल नहीं हो पाया।
मृतक की पहचान महेश पिता रामा गरवाल (18) के रूप में हुई है। मूल रूप से वह रानीसिंह के समीपी गांव ग्राम गरवाडा का रहने वाला था और वर्तमान में सालाखेड़ी स्थित एक निजी वेयरहाउस में माता-पिता के साथ रह रहा था। मृतक के पिता वेयरहाउस में चौकीदारी का काम करते हैं। मृतक महेश दो भाइयों में छोटा था। गणेश विसर्जन के दौरान वह अपने दो-तीन दोस्तों विकास और सुमित सहित अन्य के साथ तालाब में मूर्ति विसर्जित करने गया था।
सूरजमल जैन तालाब पर ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मियों के अनुसार मूर्ति विसर्जन के लिए कम गहराई वाला स्थान तय किया हुआ था। यहां टीआई विक्रमसिंह चौहान, पुलिसकर्मी और तैराकों को तैनात किया गया था। इसके बावजूद ये लोग दूसरी तरफ गहराई वाले हिस्से में गए थे। वहीं मृतक के साथी विकास के अनुसार उन दोनों के पैर फिसल गए थे। उसने महेश को भी पानी से बाहर निकालने का प्रयास किया पर सफल नहीं हो पाया। घटना का पता चलते ही तुरंत ही पुलिसकर्मी और अन्य लोगों ने गहरे पानी से महेश को बाहर निकाला लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही महेश के परिजन भी अस्पताल पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।