
रतलाम। शहर के एक क्षेत्र में मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही खुली हाइटेंशन लाइन रहवासियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। क्षेत्र में अब तक पांच-छह लोग करंट की चपेट में आकर झुलस चुके हैं, जबकि पिछले साल एक बच्चे की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद विद्युत वितरण कंपनी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं।
दिलीप नगर के समीप राजीव नगर में गत दिवस पांच साल की मासूम अलिजा पिता सलमान खान भी घर की छत पर खेलते समय हाइटेंशन तारों के संपर्क में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। उसे पहले जिला अस्पताल, फिर मेडिकल कॉलेज और वहां से इंदौर रेफर किया गया। फिलहाल इंदौर के निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
कई मकानों के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन
क्षेत्र के कई मकानों के ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजर रही है। कई मकानों की छतों पर चद्दर लगी हैं। चद्दर हटाने या छत पर जाने के दौरान तारों से संपर्क होने का खतरा बना रहता है। रहवासियों का कहना है कि हर हादसे के बाद डर के साये में रहना पड़ता है। विद्युत वितरण कंपनी को खुले तारों की सुरक्षा के लिए इंतजाम करने चाहिए, ताकि किसी और मासूम या रहवासी की जान खतरे में न पड़े।
अलिजा छत पर जाने से तारों से झुलस गई
अलिजा की दादी ने बताया कि बच्ची स्कूल से खाना खाने घर आई थी। घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान वह छत पर चली गई और तारों की चपेट में आ गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य दूसरे मकान पर थे। बच्ची बुरी तरह झुलस गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पतालों में ले जाना पड़ा।
एक की मौत हो गई, पांच-छह लोगों को लग चुका हैं करंट
रहवासी रईसाबी रहमानी ने बताया कि क्षेत्र में सीताराम, छोटूभाई, डिस्कवाला, एक लडक़े सहित कई लोग करंट से झुलस चुके हैं, जबकि एक युवक की मौत भी हो चुकी है। उनके मकान के ऊपर से भी तार गुजर रहे हैं। रहवासियों ने विद्युत वितरण कंपनी से तारों की सुरक्षा के तत्काल इंतजाम करने की मांग की।
विभाग की खुले तारों में पाइप डालना देना चाहिए
क्षेत्रवासी नसीम बी, इमरान खान और मुबारिक ने बताया कि करीब 30 साल से यहां परिवार रह रहे हैं। कई लोगों को कुटीर योजना के तहत मकान मिले हैं। कुछ दिन पहले भी चद्दर हटाते समय एक व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया था। विभाग को सुरक्षा के लिए खुले तारों में पाइप डालना चाहिए, ताकि अचानक इसके सम्पर्क में न आए।
हादसों के बाद भी सुरक्षा का इंतजार
राजीव नगर में 10 से 15 मकानों के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन।
रहवासियों के अनुसार अब तक पांच-छह लोग झुलस चुके हैं।
एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत होने का दावा।
पांच साल की अलिजा गंभीर रूप से झुलसी, इंदौर में उपचार जारी।
छतों पर लगी चद्दर हटाने और सामान्य आवाजाही में भी करंट का खतरा।
इनका कहना है…
लाइन बहुत पुरानी, लोगों ने मकान बाद में बना लिए हैं। नागरिकों को जागरूक रहते हुए स्वयं की सेफ्टी भी रखना चाहिए। मकान नीचे नहीं बनाए। मौके पर कर्मचारियों को पहुंचाया है।
वीएस मरकाम, सहायक यंत्री एमपीईबी